
मुलायम सिंह बोले- मोदी फिर प्रधानमंत्री बनें, तो राहुल गांधी ने कहा- मैं इस बयान से असहमत
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनने का आशीर्वाद देकर मुलायम सिंह यादव ने राजनीति में नई बहस शुरु कर दी है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा में दिए मुलायम के बयान पर असहमति जताई है।
मैं मुलायम जी से असहमत: राहुल गांधी
मुलायम सिंह के बयान पर जब मीडिया से राहुल गांधी से सवाल पूछा तो उन्होंने दो टूक कहा कि मैं मुलायम सिंह यादव जी से असहमत हूं। लेकिन राजनीति में उनकी बड़ी भूमिका है और मैं उनकी राय का सम्मान करता हूं। वहीं एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि मैंने सुना है कि आदरणीय मुलायम सिंह जी ने 2014 में मनमोहन सिंह जी के लिए भी यही बात कही थी।
मुलायम के बयान पर पीएम मोदी ने कहा...
समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह के बयान के लिए पीएम मोदी ने सदन में पहले बैठे बैठे आभार व्यक्त किया था। उसके बाद जब उन्होंने बोलना शुरु किया तो कहा कि अभी शुरुआत है बहुत कुछ करना बाकी है। इसके लिए मुलायम सिंह यादव ने आशीर्वाद दे ही दिया है। मुलायम सिंह ने और काम करने के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उनके स्नेह के लिए मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं। सभी को उनका स्नेह मिला है और आगे भी उनका मार्गदर्शन हमें मिलता रहेगा।
क्या कहा था मुलायम सिंह यादव ने?
लोकसभा में बोलते हुए मुलायम सिंह यादव ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री को बधाई देना चाहता हूं कि उन्होंने सबको साथ लेकर चलने की कोशिश की। मेरी कामना है कि जितने माननीय सदस्य हैं, दोबारा जीतकर आएं। मैं यह भी जानता हूं कि हम लोग तो इतने बहुमत में नहीं आ सकते हैं, आप फिर प्रधानमंत्री बनें।
Updated on:
13 Feb 2019 08:39 pm
Published on:
13 Feb 2019 07:38 pm
