
बर्तन धोने पर TRS विधायक से भिड़े तेलंगाना कांग्रेस के अध्यक्ष, जवाब मिला- मैं 'पप्पू' जैसा नहीं
हैदराबाद। तेलंगाना में कांग्रेस और टीआरएस (तेलंगाना राष्ट्र समिति) के नेताओं के बीच एक अजीबोगरीब जंग छिड़ गई है। दरअसल प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष एन उत्तर कुमार रेड्डी ने पूर्व मंत्री और टीआरएस विधायक केटी रामा राव पर तंज कसते हुए कहा था कि वे अपने अमरीका वाले घर में बर्तन धोया करते थे। इस पर राव ने उन्हें करारा जवाब दिया। राव ने कहा कि अमरीका में हर भारतीय अपने घर में ऐसा ही करता है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कह डाला कि उन्हें गर्व है वह 'पप्पू' की तरह नहीं है।
ट्विटर पर यूं दिया जवाब
टीआरएस विधायक ने ट्विटर पर जवाब देते हुए लिखा, 'प्रिय उत्तम कुमार रेड्डी गुरु, हो सकता है मैंने अमरीका में अपने घर के अंदर बर्तन धोए हों, ऐसा अमरीका में हर भारतीय अपने घर में करता ही है। मुझे इस बात पर गर्व है कि मैंने काम करके एक सम्मानजनक जिंदगी कमाई है और मैं आपके पप्पू की तरह नहीं हूं। मैं आपके जैसा भी नहीं हूं जो दूसरों का पैसा चुराऊं और उसे अपनी कार में जला दूं।' उल्लेखनीय है कि चार साल पहले रेड्डी की कार में पैसे जलाए जाने का मामला सामने आया था।
सियासी अस्थिरता से गुजर रहा है राज्य
गौरतलब है कि राज्य में केसीआर के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद से सियासी अस्थिरता के हालात बन गए हैं। केटी रामा राव पिछली सरकार में कई अलग-अलग विभागों का जिम्मा संभाल चुके हैं, जिनमें उद्योग एवं वाणिज्य मंत्रालय, निकाय प्रशासन, शहरी विकास, हैंडलूम, टैक्सटाइल, खनन, प्रवासी भारतीयों के मामले आदि शामिल हैं।
Published on:
08 Sept 2018 08:54 pm
