
दिल्लीः पूर्व सीएम मदनलाल खुराना के निधन पर शोक की लहर, पीएम मोदी ने इन शब्दों में जताया दुख
नई दिल्ली। दिल्ली के पूर्व सीएम और भाजपा के वरिष्ठ नेता मदनलाल खुराना का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को निधन हो गया। 82 वर्ष की उम्र में खुराना ने अंतिम सांस ली। दिल्ली के पूर्व सीएम और दिल्ली का शेर कहे जाने वाले मदनलाल खुराना के निधन पर देशभर के तमाम नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भाजपा के सिपाहसालार को नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।
पीएम मोदी ने यूं किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुराना के निधन पर ट्वीट किया। इस दौरान उन्होंने लिखा...'मदन लाल खुराना जी दिल्ली में बीजेपी को मजबूत करने के लिए आपको हमेशा याद किया जाएगा। आपने देश बंटवारे के बाद दिल्ली आए रिफ्यूजी की बेहद सेवा की। मैं आपके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं।'
मदन लाला खुराना के परिवार में पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां हैं। उनके एक बेटे का पिछले महीने निधन हो गया था। भाजपा के वरिष्ठ नेता खुराना 1993 से 1996 तक दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे थे। उन्हें 2004 में राजस्थान का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। शनिवार देर रात 11 बजे खुराना ने कीर्ति नगर स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली।
राष्ट्रपतिः दिल्लीवासियों का किया कल्याण
पीएम मोदी के साथ-साथ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी भाजपा के इस कद्दावर नेता के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने भी ट्वीट कर लिखा...श्री मदन लाल खुराना के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। दिल्ली के मुख्यमंत्री, राजस्थान के राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री के रूप में, उन्होंने सार्वजनिक जीवन और विशेष रूप से राष्ट्रीय राजधानी और उसके रहने वालों के कल्याण के लिए विशेष योगदान दिया — राष्ट्रपति कोविन्द
ट्वीटर पर भाजपा के कर्इ बड़े नेता मदनलाल खुराना के निधन पर दुख जता चुके हैं। केंद्रीय मंत्री व दिल्ली से सांसद डॉक्टर हर्षवर्धन ने ट्वीट करते हुए लिखा कि कि श्री मदन लाल खुराना जी के निधन पर बहुत दुख हुआ। पच्चीस साल पहले उनकी छत्रछाया में ही मैंने राजनीति में कदम बढ़ाया था।
उधर..खुराना के बेटे हरीश ने बताया, खुराना को छाती में संक्रमण था और पिछले कुछ दिनों से बुखार भी था। शनिवार सुबह से ही उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। उन्हें पांच साल पहले ब्रेन हेमरेज हुआ था और तब से वह बीमार चल रहे थे। परिवार ने कहा कि उनका अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा।
Updated on:
28 Oct 2018, 12:42 PM IST
Published on:
28 Oct 2018, 10:51 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.