
giriraj singh
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता शशि थरूर के पीएम मोदी को लेकर दिए आपत्तिजनक बयान पर बीजेपी नेताओं की लगातार प्रतिक्रिया आ रही है। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद के बाद एक और कैबिनेट मिनिस्टर ने शशि थरूर पर हमला बोला है। अक्सर अपने बयानों की वजह से सुर्खियों में रहने वाले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शशि थरूर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि ये हिंदुस्तान है, अगर पाकिस्तान होता तो शशि थरूर की जुबान को चुप कर दिया गया होता।
अपनी हद पार कर चुकी है कांग्रेस पार्टी- गिरिराज सिंह
गिरिराज सिंह ने कहा कि उन्होंने (शशि थरूर) प्रधानमंत्री का ही अपमान नहीं किया, बल्कि करोड़ों हिंदुओं और भगवान शिव को अपमानित किया है। अपनी प्रतिक्रिया के आखिर में गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपनी हद की सीमा को पार कर चुकी है। आपको बता दें कि शशि थरूर के बयान पर सबसे पहले रविशंकर प्रसाद की प्रतिक्रिया आई। उन्होंने राहुल गांधी से इस बयान पर माफी की मांग की।
राहुल से मांफी की मांग की बीजेपी ने
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि खुद को 'शिवभक्त' कहने वाले राहुल गांधी को थरूर की इस टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए। प्रसाद ने कहा, 'एक तरफ राहुल गांधी खुद को शिवभक्त होने का दावा करते हैं, दूसरी तरफ उनके छोटे नेता चप्पल से हमले का जिक्र कर एक तरह से शिवलिंग की पवित्रता और भगवान महादेव का अपमान करते हैं।'
शशि थरूर ने पीएम मोदी की तुलना की थी बिच्छू से
आपको बता दें कि रविवार को बेंगलुरु में अपनी नई किताब 'द पैराडॉक्सिकल प्राइम मिनिस्टर' के उद्घाटन समारोह में पहुंचे थे, जहां उन्होंने पीएम मोदी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। थरूर ने कहा कि जिस पत्रकार का उन्होंने किताब में संदर्भ दिया है, उनसे एक अनाम आरएसएस सूत्र ने कहा था कि पीएम नरेंद्र मोदी शिवलिंग पर बैठे बिच्छू की तरह हैं, जिन्हें ना तो हाथ से हटाया जा सकता है और ना ही चप्पल मारकर हटाया जा सकता है।
Published on:
28 Oct 2018 07:38 pm
