
Karnataka Deputy CM
बेंगलुरु। कर्नाटक में चल रहा सियासी घमासान अभी थमा नहीं है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां एक-दूसरे के विधायकों के बागी होने का दावा कर रही हैं। हालांकि अभी तक औपचारिक तौर पर कर्नाटक सरकार से दो निर्दलीय विधायकों ने ही समर्थन वापस लिया है, जिसके बाद राज्य में कुमारस्वामी की सरकार पर संकट मंडराने लगा है। जेडीएस-कांग्रेस का गठबंधन इन परिस्थितियों के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहरा रहा है। इस बीच कर्नाटक के डिप्टी सीएम सी परमेश्वरा ने बीजेपी पर जोरदार हमला बोला है।
सी परमेश्वरा ने दी बीजेपी को धमकी
डिप्टी सीएम सी परमेश्वरा ने कहा है कि भाजपा ही हमारे गठबंधन को तोड़ने की कोशिश कर रही है और अगर ऐसा होता है तो मेरे पास भी दिखाने के लिए एक योजना है। डिप्टी सीएम ने कहा कि हमारे शपथ ग्रहण समारोह में सभी राजनीतिक दल बीजेपी विरोधी ही थे, अगर कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन टूटा तो ये संदेश जाएगा कि एक बड़ा गठबंधन विफल हो गया, जो कि भाजपा वाले चाहते हैं।
- कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी कहा है कि कर्नाटक में हमारी सरकार मजबूत स्थिति में है, भाजपा अपने मंसूबों में कामयाब नहीं होगी।
कांग्रेस भी जुटी है सरकार को बचाने में
वहीं दूसरी तरफ कर्नाटक में सरकार को बचाने के लिए कांग्रेस भी जद्दोजहद में लग गई है। कांग्रेस पार्टी ने 18 जनवरी को एक बैठक बुलाई है, जिसमें बागी तेवर दिखा रहे विधायकों को संतुष्ट किया जाएगा। माना जा रहा है कि इन विधायकों को मंत्री देने की भी बात चल रही है।
कुमारस्वामी ने कांग्रेस नेताओं से मुलाकात
वहीं, मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने बुधवार को कांग्रेस नेताओं से मुलाकात कर मौजूदा सियासी हालात से निपटने की रणनीति को लेकर चर्चा की। आपको बता दें कि कर्नाटक में 2 निर्दलीय विधायकों के समर्थन वापस लेने के बाद सरकार गिरने की संभावनाएं नजर आने लगी हैं। हालांकि स्थिति को ठीक करने में मुख्यमंत्री के साथ-साथ दोनों पार्टियों के कई बड़े नेता कोशिश कर रहे हैं।
Updated on:
16 Jan 2019 03:09 pm
Published on:
16 Jan 2019 03:09 pm
