
छात्र की मौत पर बोली ममता- ‘आरएसएस-बीजेपी पहले हत्या करते हैं और फिर मृत के खून से होली खेलते हैं'
नई दिल्ली। उर्दू शिक्षकों की नियुक्ति के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान दो छात्रों की मौत पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी और आरएसएस पर हमला बोला है। ममता ने आरएसएस और बीजेपी को छात्र की मौत का जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि ये दोनों मिलकर राज्य में सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। बता दें कि यह बातें ममता ने शनिवार को इटली के मिलान में कहीं। सीएम इटली की आधिकारिक यात्रा पर गई हुई हैं।
जब संस्कृत का शिक्षक तो उर्दू का क्यों नहीं
बंगाल की सीएम ने उत्तर दिनाजपुर के इस्लामपुर में दरिभीत स्कूल में उर्दू शिक्षक मुहैया कराने का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि जब संस्कृत का शिक्षक नियुक्त हो सकता है तो उर्दू का क्यों नहीं। आपको बता दे कि उत्तर गिनाजपुर में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प की वजह से दो छात्रों की मौत हो गई थी। वहीं, बीजेपी ने छात्रों की मौत के खिलाफ 26 सितबंर को राज्य में 12 घंटे का का बंद बुलाया है।
ममता की बीजेपी और आरएसएस को नसीहत
ममता ने आरएसएस और बीजेपी को इस मुद्दे पर राजनीति न करने की नसीहत दी है। वहीं, उन्होंने राज्य की जनता के अपील करते हुए कहा कि वे बीजेपी और आरएसएस की गंदी राजनीति में न पड़े और बंद को विफल करें। उन्होंने कहा, ‘बीजेपी और आरएसएस गिद्ध की तरह हैं जो मौत का इंतजार करते हैं और फिर उस पर राजनीति करना शुरू कर देते हैं। पहले वे हत्या करते हैं और फिर मृत व्यक्ति के खून से होली खेलते हैं।'
छात्र की मौत पर बीजेपी दे जवाब
टीएमसी सुप्रीमो ने छात्र की मौत पर सवाल उठाते हुए पूछा कि छात्र की मौत क्यों हुई, उसे किसने मारा इस बारे में बीजेपी जवाब दें। जब तक वे इस बारे में जवाब नहीं देंगे, मैं अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से इस मुद्दे पर लड़े बिना अपने-अपने इलाकों में शांतिपूर्ण बैठकें और रैली करने के लिए कहती हूं।
मुहर्रम पर सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की कोशिश कर रही है बीजेपी
ममता ने कहा कि स्कूल प्रशासन ने उर्दू शिक्षक की नियुक्ति का अनुरोध किया था, जिसके बाद राज्य सरकार ने दरिभीत स्कूल में शिक्षक की नियुक्ति की। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि उर्दू शिक्षकों की नियुक्ति के नाम पर बीजेपी मुहर्रम पर सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला बीजेपी की ओर से सुनियोजित था।
Updated on:
23 Sep 2018, 8:47 AM IST
Published on:
23 Sep 2018, 8:47 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.