नई दिल्ली। सिग्नेचर ब्रिज के उद्घाटन समारोह के दौरान आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह और भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष व स्थानीय सांसद मनोज तिवारी के बीच मारपीट का विवाद अब कानूनी जंग का रूप लेता जा रहा है। भाजपा सांसद तिवारी ने अभी तक अमानतुल्लाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज न होने के बाद दिल्ली पुलिस को विधायक द्वारा गोली मारने की धमकी देने वाला ऑडियो-वीडियो सबूत ईमेल किया है। धमकी के बाद भाजपा सांसद ने दिल्ली पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि अब दिल्ली पुलिस इस मामले में जल्द केस दर्ज कर सकती है। बता दें कि सिग्नेचर ब्रिज उद्धाटन समारोह के दौरान आप विधायक अमानतुल्लाह की ओर से मनोज तिवारी को धक्का देने और पुलिसकर्मी से मनोज तिवारी की झड़प के वीडियो पहले ही वायरल हो चुके हैं।