
ममता के गढ़ में उमर अब्दुल्ला ने मोदी पर बोला हमला, 2019 में भाजपा को हारने के लिए माथापच्ची जारी
कोलकाता: जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला पश्चिम बंगाल दौरे पर हैं। कोलकता में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा कि बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के प्रस्ताव पर विचार कर रहे हैं कि 2019 में भाजपा को चुनौती देने के लिए किस तरह विपक्षी पार्टियां या क्षेत्रीय पार्टियां एक साथ आएगी। उमर ने कहा कि कोई भी प्रयास तब तक सफल नहीं होगा, जब तक की कांग्रेस हमारी उम्मीदों के हिसाब से भाजपा को चुनौती नहीं देती।
विपक्षी दलों को एक साथ लाने के प्रयास जारी
उमर अब्दुल्ला ने विपक्षी की एकजुटता पर बोलते हुए कहा कि पिछले दिनों यीपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा विपक्षी दलों को एक साथ लाने के लिए किए गए प्रयास सराहनी है। आने वाले समय में यह एक बड़ा आकार लेगा।
अब्दुल्ला ने दीदी की तारीफ की
'यूनियन ऑफ स्टेट' कार्यक्रम को इस दौरान उमर अब्दुल्ला ने कहा कि आज कई राज्यों में समस्याएं मुंह बाए खड़ी है। देश के कुछ हिस्सों में नक्सलवाद चरम पर है। उत्तर-पूर्व या जम्मू-कश्मीर में यह समस्याएं बनी हुई है। उन्होंने कहा कि एक मजबूत देश के लिए एक मजबूत संघ की आवश्यकता है लेकिन राज्यों की लागत पर एक मजबूत संघ नहीं आ सकता। गौरतलब है कि शुक्रवार को नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा कि दोनों ने देश की मौजूदा राजनीतिक हालात और अल्पसंख्यकों में पैदा हुए डर के अलावा जम्मू-कश्मीर की वर्तमान स्थिति पर भी विचार- विमर्श किया। अब्दुल्ला ने कहा कि दीदी जम्मू-कश्मीर की स्थिति को लेकर हमेशा चिंतित रहती हैं। दोनों ने मुलाकात के दौरान वहां के हालत पर विचार-विमर्श किया।
नेशनल कॉन्फ्रेंस और टीएमसी में साथ-साथ
आम चुनाव से पहले टीएमसी के साथ संभावित गठबंधन का संकेत देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने कहा कि देश का अल्पसंख्यक समुदाय भय के माहौल में जी रहा है। टीएमसी और नेशनल कांफ्रेंस के बीच कोई दूरियां नहीं हैं। हमारा प्रयास बीजेपी को हराना है और हमने कोई फैसला नहीं किया है कि हमारे गठबंधन को किस तरह पुकारा जाएगा। उन्होंने कहा जो भी बीजेपी के खिलाफ हैं उसे वे हमारे साथ जुड़ सकते हैं।
Published on:
28 Jul 2018 04:32 pm
