
अमेठी के अलावा इस सीट से चुनाव लड़ सकते हैं राहुल गांधी, अटकलें तेज
नई दिल्ली। अगामी लोकसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। कौन नेता किसी सीट से चुनाव लड़ेगा, इसे लेकर दावेदारी शुरू हो गई है। वहीं, अब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को लेकर भी अटकलें तेज हो गई है। चर्चा यह है कि अमेठी के अलावा राहुल गांधी महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट से भी चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
महाराष्ट्र से भी चुनाव लड़ सकते हैं राहुल गांधी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल गांधी इस बार महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट से भी दावेदारी करते नजर आ सकते हैं। इस बात की अटकलें लगनी तब शुरू हुई जब महाराष्ट्र के ही बड़े कांग्रेसी नेता ने कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव लड़ने को लेकर टिप्पणी की। दरअसल, कुछ समय पहले महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण ने कहा था कि राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष हैं और वो किसी भी सीट से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। उन्होंने यहां तक कहा था कि राहुल गांधी नांदेड़ सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने का फैसला करते हैं, तो उनका बिल्कुल स्वागत है।
नांदेड़ लोकसभा सीट से ठोक सकते हैं ताल
दरअसल, नांदेड़ लोकसभा सीट कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। कांग्रेस पार्टी ने यहां 20 लोकसभा चुनाव और उपचुनाव में 16 बार जीत दर्ज की है। 2014 के लोकसभा चुनाव में अशोक चव्हाण ने नांदेड़ सीट पर जीत दर्ज की थी। ये सीट उनका गृह नगर भी है। चर्चा इस बात की भी है कि अगर राहुल गांधी नांदेड़ से चुनाव लड़ते हैं तो अशोक चव्हाण को विधानसभा चुनाव पर फोकस करने की जिम्मेदारी मिल सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की तैयारी भी शुरू हो चुकी है। अब देखना यह है कि राहुल गांधी इस मामले में क्या फैसला लेते हैं और कहां से लोकसभा चुनाव लड़ते हैं।
Updated on:
22 Jan 2019 06:08 pm
Published on:
22 Jan 2019 05:18 pm
