
संबित पात्रा का विवादित ट्वीट- हाफिज सईद से की 'महागठबंधन' की तुलना
नई दिल्ली : भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने विवादित ट्वीट किया है। इसकी वजह यह मानी जा रही है कि विपक्षी एकता की वजह से उन्हें लगातार उपचुनावों में हार का सामना करना पड़ रहा है। विपक्षी एकता की वजह से कर्नाटक में भी यह सरकार नहीं बना पाए। यही वजह है कि भाजपा विपक्षी दलों पर हमला करने का कोई मौका नहीं छोड़ रही है। इसी क्रम में ट्वीट कर महागठबंधन को निशाने पर लेते हुए उनकी कलम फिसल गई और उन्होंने महागठबंधन की तुलना आतंकी हाफिज सईद से कर डाली।
किया हाफिज सईद का वीडियो शेयर
संबित पात्रा ने हाफिज सईद के जहरीले भाषण का एक वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है। इसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहा है और उन्हें रोकने की बात कर रहा है। इस वीडियो के साथ उन्होंने लिखा है कि इसमें कोई नई बात नहीं है कि महागठबंधन 2019 में मोदी को प्रधानमंत्री बनने से रोकना चाहता है। महागठबंधन के अलावा ऐसे कई अन्य लोग भी हैं जो ऐसा ही चाहते हैं। हाफिज सईद खुलेआम नरेंद्र मोदी का खून बहाने की बात कर रहा है।
संबित पात्रा ने दूसरे ट्वीट में कहा
हालांकि उन्होंने एक और ट्वीट कर इस बात से इनकार किया कि उन्होंने महागठबंधन की तुलना आतंकी हाफिज से करने से इन्कार किया है। उन्होंने लिखा कि मोदी की ओर से कालेधन और भ्रष्टाचार पर हमला भारत में विपक्ष को एक मंच पर ले आया। सर्जिकल स्ट्राइक और आंतकवाद पर हमले से हाफिज सईद निराश है। यह साबित करता है कि मोदी सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है।
बन रही विपक्षी एकता के बाद किया ट्वीट
हाल-फिलहाल में भाजपा का विजय रथ और मोदी लहर रुका है। इसकी बड़ी वजह यह रही है कि 2019 के आम चुनाव से पहले विपक्षी दलों के बीच एकता बनती दिख रही है। इसका नतीजा यह हुआ कि पहले उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में भाजपा को मुंह की खानी पड़ी और इसके बाद कर्नाटक में विपक्षी एकता की वजह से भाजपा को बड़ी शिकस्त मिली। कर्नाटक के तुरत बाद चार लोकसभा और 10 विधानसभा चुनाव में भी विपक्षी दलों के एकजुट होने की वजह से भाजपा को तकरीबन हर जगह से हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में भाजपा को लग रहा है कि अगर इसी तरह विपक्षी एकता बनी रही तो 2019 के आम चुनाव में विपक्षी दल भाजपा को सत्ता से बेदखल कर सकते हैं। इसलिए संबित पात्रा ने ऐसा ट्वीट कर डाला है।
Published on:
3 Jun 2018, 6:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.