
CG Politics: 24 घंटे के भीतर प्रदेश प्रभारी सैलजा ने रदद किया मरकाम का आदेश
Selja reversed the order of PCC Chief Mohan Markam: रायपुर। कांग्रेस संगठन में बदलाव को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने महामंत्रियों को नया दायित्व दिये जाने वाले आदेश को रद्द कर दिया है। इससे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के लिए एक बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है। बता दें कि प्रदेश अध्यक्ष मरकाम को हटाने की चर्चा हमेशा सुर्खियों में रही है। पिछले कुछ समय से यह माना जा रहा था कि बदलाव मुश्किल है, लेकिन संगठन के बदलाव के बाद, राजनीतिक समीकरण नया संकेत दे रहे हैं।
प्रदेश प्रभारी सैलजा ने प्रदेश अध्यक्ष मरकाम को पत्र लिखकर नियुक्तियों को रद्द करने का आदेश दिया है। साथ ही संगठन और प्रशासन महामंत्री की जिम्मेदारी रवि घोष को देने का निर्देश दिए है। बता दें कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मरकाम ने पांच महामंत्रियों और एक उपाध्यक्ष के प्रभार में बदलाव का आदेश जारी किया था। इसमें रवि घोष को महामंत्री प्रशासन के पद से हटाकर बस्तर का प्रभारी महामंत्री बनाया गया था। वहीं, अमरजीत चावला को प्रशासन महामंत्री के पद से हटा कर रायपुर शहर, यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई की जिम्मेदारी दी गई थी। राजनांदगांव के प्रभारी महामंत्री अरुण सिसोदिया को पार्टी के प्रशासन एवं संगठन की जिम्मेदारी दी गई थी।
शिकायत पर कार्रवाई
CG Politics: बताया जाता है कि मरकाम ने इस बदलाव से पहले वरिष्ठ नेताओं से कोई चर्चा नहीं की थी। अचानक हुए बदलाव से मुख्यमंत्री भी संतुष्ट नहीं थे। इन सब के बीच इसकी शिकायत प्रदेश प्रभारी से भी हुई थी।
आदिवासियों का किया अपमान: डॉ. रमन
CG Politics: इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने तीखा ट्वीट किया। उन्होंने लिखा है, चापलूसी, जी हजूरी वाले सब इनाम के हकदार हैं, जिनकी रीढ़ सलामत है उन्हें झेलना तिरस्कार है। रिमोट कंट्रोल संचालित कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा का यह आदेश पूरे छत्तीसगढ़ के आदिवासियों का अपमान है। आपसी कलह के चलते पहले आदिवासी प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम की तस्वीर से परहेज था। अब उनकी कलम से निकले आदेश को निरस्त कर दाऊ ने अपनी नीयत स्पष्ट कर दी है।
सीएम हाउस में हुई मैराथन बैठक
CG Politics: कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा गुरुवार को रायपुर पहुंची। यहां वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की और इसके बाद सीएम हाउस रवाना हो गई। यहां मुख्यमंत्री और वरिष्ठ मंत्रियों की मौजूदगी में करीब चार घंटे तक बैठक चली। सभी ने लंच भी एक साथ ही किया। बताया जाता है कि बैठक में चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा संगठन के कामकाज को लेकर भी समीक्षा हुई।
Updated on:
23 Jun 2023 05:27 pm
Published on:
23 Jun 2023 02:07 pm
बड़ी खबरें
View Allराजनीति
ट्रेंडिंग
