
लोकसभा चुनाव से पहले विपक्ष का स्टिंग अटैक, चौकीदारों को बताया गद्दार
नई दिल्ली।लोकसभा चुनाव से ठीक पहले विपक्षी पार्टियों ने नोटबंदी पर मंगलवार को एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस की। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक वेबसाइट का टेप जारी कर विपक्षी पार्टियों ने नोटबंदी के जिन्न को बाहर निकालने का काम किया। एक स्टिंग ऑपरेशन के इस टेप के आधार पर विपक्षी पार्टी के नेताओं ने चुनाव से पहले चरण में मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोल दिया।
बता दें कि नोटबंदी पर विपक्ष का यह टेप 31 मिनट का है। इस टेप के जरिए विपक्ष ने मोदी सरकार पर कई आरोप लगाए हैं। टेप के आधार पर दावा किया जा रहा है कि कुछ पत्रकारों ने मिलकर नोटबंदी पर एक विशेष जांच की है।
गरीबों से पैसा लूटा
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने कहा कि कुछ चौकीदारों ने देश के साथ गद्दारी की है। इन गद्दारों ने आम आदमी की जेब से पैसा लूटने का काम किया। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के कारण देश की जीडीपी पीछे चली गई। किसानों और छोटे कारोबारियों को नुकसान झेलना पड़ा।
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि नोटबंदी का मकसद कुछ और ही था। इसका लाभ भाजपा ने उठाया और नोटबंदी के दौरान बैंको से मिलीभगत कर गरीबों को लूटने का काम किया।
केंद्र पर बोला हमला
विपक्ष के साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के नेता रणदीप सुरजेवाला, अहमद पटेल, गुलाम नबी आजाद, मल्लिकार्जुन खड़गे, राजद के मनोज झा और शरद यादव शामिल हुए। इन नेताओं ने कॉन्फ्रेंस के दौरान एक वीडियो दिखाया और केंद्र सरकार पर हमला बोला।
Updated on:
26 Mar 2019 03:54 pm
Published on:
26 Mar 2019 02:14 pm
