
तेजस्वी यादव का गंभीर 'शक', 'क्या राकेश अस्थाना ने 2500 करोड़ के सृजन घोटाले से नीतीश कुमार को बचाया था?'
नई दिल्ली। देश की सबसे प्रमुख जांच एजेंसी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो में घमासान चल रहा है। सियासी विवाद भी सामने आ रहे हैं और राजनैतिक बयानबाजी हो रही है। कोई राकेश अस्थाना को पीएम मोदी का करीबी बता रहा है तो कोई आलोक वर्मा को ईमानदार अफसर की उपाधि से नवाज रहा है। इस बीच चारा घोटाले में सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने राकेश अस्थाना को घेरते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बड़ा हमला बोला है।
तेजस्वी ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। राजद नेता तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर लिखा, "क्या राकेश अस्थाना ने नीतीश कुमार के NDA में आने के बदले 2500 करोड़ के सृजन घोटाले में नीतीश जी को बचाया था? CBI ने अभी तक सृजन स्कैम के मुख्य आरोपियों को भी गिरफ्तार नहीं किया है। CM ने राज्य कोष के 2500 करोड़ रुपये सृजन के खाते में ट्रांसफर कराकर गबन कर लिया। नैतिक कुमार जवाब दें?"
तेजस्वी यादव ने इससे पहले राजद के विधायक और प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव के एक ट्वीट को रिट्वीट किया है। उस ट्वीट में लिखा है, 'ये वही राकेश अस्थाना है, जिसने नीतीश कुमार, सुशील मोदी, एलके आडवाणी से मिलकर लालू जी को साजिशकर्ता बनाया। श्याम बिहारी सिन्हा ने नीतीश कुमार पर रिश्वत लेने का आरोप लगाने के बावजूद नामजद नहीं किया। गोधरा कांड में नरेंद्र मोदी और अमित शाह को मोटी रकम लेकर क्लीन चिट दिया।' बता दें कि शक्ति सिंह यादव हिलसा से विधायक हैं।
भाजपा पर साधा निशाना
वहीं, एक और ट्वीट में बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी ने मोदी सरकार और आरएसएस पर भी निशाना साथा और लिखा, "देश में संविधान ख़त्म कर भ्रष्ट मोदी सरकार भ्रष्ट अधिकारियों के साथ मिलकर आरएसएस के विघटनकारी एजेंडे को लागू करने की साज़िश कर रही है। हम बीजेपी की विभाजनकारी नीतियों को कामयाब नहीं होने देंगे"।
लालू ने साधा निशाना
लालू प्रसाद यादव के ट्विटर से भी अस्थाना की साख पर सवाल उठाए गए हैं। ट्वीट कर लिखा गया, " अरे, लालू की बेटी की शादी में वेन्यू से लेकर कैटरिंग तक सब कुछ था 'फ़्री'! मित्रों, बताओ ऐसे लोगों पर CBI को छापा मारना चाहिए कि नहीं चाहिए? भाईयों-बहनों, मारना चायै ना? मारना चायै ना...मित्रों, फलाना ज़िंदाबाद..ढिमका जिन्दाबाद....बीजेपी माता की जय..।"
एक और ट्वीट में उन्होंने लिखा, "वाह भाई वाह! अस्थाना की आस्था देश अउर संविधान में कम और मोदी & कम्पनी में अधिक बा। ज़बर भक्ति है रे भाई। इ आस्था का आदान प्रदान दूनों तरफ़ से सेम टू सेम लागत बा। 'यू स्क्रैच माई बैक आई स्क्रैच योर बैक' वाला नमूना बा।"
Published on:
28 Oct 2018 02:39 pm
