
प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना में हो रहा धीमी गति से काम
- ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक
प्रतापगढ़ ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक मिनी सचिवालय सभागार में शुक्रवार को आयोजित की गई। समीक्षा बैठक में जिला कलक्टर भंवरलाल मेहरा ने प्रधानामंत्री आवास योजना की धीमी गति पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को चेताया कि वे इस योजना के लंबित काम समय पर पूरा कर तीन दिन में लाभार्थी को पहली किश्त का भुगतान करें अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहे।
उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन एवं महात्मा गांधी नरेगा योजना की प्रगति की समीक्षा की।
जिला कलक्टर ने स्वच्छ भारत मिशन अन्तर्गत निर्मित शौचालयों के बकाया भुगतान को एक सप्ताह में करने के लिए समस्त विकास अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने 15 सितम्बर से चल रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत 02 अक्टूबर तक गतिविधियों का आयोजन करने, ठोस एवं तरल कचरा प्रबन्धन के लिए जिले से 50 डीपीआर 25 सितंबर तक भिजवाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजनान्तर्गत वर्ष 2016 - 17 एवं 2017-18 में स्वीकृत समस्त आवासों को 31 अक्टूम्बर तक पूर्ण कराने और इस वर्ष स्वीकृत समस्त आवासों की प्रथम किस्त तीन दिन में लाभाथियों के खाते में हस्तान्तरित करने के निर्देश विकास विकास अधिकारियों को दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना में जिले की न्यून प्रगति को उन्होंने गंभीरता से लिया एवं योजना की प्रगति में अपेक्षित सुधार करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने महात्मा गांधी नरेगा योजनान्तर्गत समस्त लम्बित भुगतान का शीघ्र भुगतान करने और अधूरे कामों को पूरा कर समय पर भुगतान करने के निर्देश दिए। सभी विकास अधिकारी पंचायत समिति स्तर पर ग्राम विकास अधिकारियों की बैठक आयोजित कर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा संचालित समस्त योजनाओं की ग्राम पंचायतवार समीक्षा करें। बैठक दौरान सभी विकास अधिकारियों को निर्देश दिये कि विभागीय योजनाओं में कम प्रगति होने पर संबंधित विकास अधिकारी के विरूद्व अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ वीसी गर्ग अधिशाषी अभियंता ईजीएस सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी थे।
Published on:
21 Sept 2018 08:21 pm
