
प्रशासन ने ली कोर कमेटी की बैठक, नहीं करेंगे आंदोलन
प्रतापगढ़ जिला प्रशासन ने मंगलवार को पूर्व जिला प्रमुख रामलाल मीणा व अन्य लोगों के साथ बैठक की।इस दौरान आंदोलन नहीं करने की समझाइश की गई।
गौरतलब है कि दो दिन पहले विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी गई थी।
इससे प्रशासन हरकत में आया।सभी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई कर मांगों को मानने का आश्वासन दिया।जिला कलक्टर, जिला पुलिस अधीक्षक ने कोर कमेटी की मीटिंग बुलाई। जिसमें रामलाल मीणा, ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस कमलसिंह गुर्जर, अरनोद के अरुणसिंह चूंडावत, किसान संघर्ष समिति के जिलाध्यक्ष दूल्हेसिह आंजना आदि शामिल हुए।
बसेड़ा के बच्चों ने सीखा कथक नृत्य
छोटीसादड़ी. भारत अपनी संस्कति की वजह से पूरे विश्व में जाना जाता है। उसमें भी खासकर हमारी संगीत और नृत्य की विरासत के कारण इसका बड़ा नाम है। मैं बहुत खुशनसीब हूं कि मुझे कथक नृत्य के जयपुर घराने से जुडकऱ देश के देहाती इलाके में कार्य करने का मौक़ा मिला है। स्पिक मैके की इन कार्यशालाओं में विद्यार्थियों से मुखातिब होकर मैं खुद को बहुत उर्जावान अनुभव करती हूं। अपने गुरुओं की तालीम को आगे की पीढ़ी तक ले जाने के लिए की जा रही ये यात्राएं मेरी रूचि का विषय हैं। श्री गंगानगर राजस्थान की होकर अब दिल्ली में रहते हुए इसी विद्या में शोध कार्य करने की इच्छा है। ये विचार प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना शिवालिका कटारिया ने बसेड़ा स्कूल में स्पिक मैके की एक नृत्य कार्यशाला के दौरान व्यक्त किए। इस राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय में कथक नृत्य का यह आयोजन शास्त्रीय नृत्यों के नाम पर आगाज ही है। हेरिटेज क्लब ऑफ बसेड़ा के संयुक्त तत्वावधान में हुए आयोजन के बारे में बताते हुए स्पिक मैके के राष्ट्रीय सलाहकार जेपी भटनागर ने बताया कि कलाकारों का स्वागत और दीप प्रज्ज्वलन प्रधानाचार्य लादूराम शर्मा, हेडटीचर प्रभुदयाल कूड़ी, अध्यापिका स्मृति शर्मा, संडे लाइब्रेरी वोलंटियर अभिलाषा आंजना ने किया। कार्यशाला में गुरु शिवालिका ने गणेश वंदना के बाद सकोली विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर कथक नृत्य से जुड़ी शुरुआती आंगिक मुद्राओं का अभ्यास करवाया। तीन ताल के अभ्यास को तालबद्ध ढंग से करके बच्चे बड़े खुश हुए। ग्रामीण इलाके में इस तरह का सांगीतिक आयोजन अचरज का विषय भी अनुभव हुआ। बाद में नृत्यांगना ने शिव स्तुति और अंत में एक भाव की प्रस्तुति दी जिसे सभी ने सराहा।
प्रस्तुति का संचालन स्पिक मैके के राष्ट्रीय सलाहकार माणिक ने किया। वहीं आयोजन के सूत्रधार हेरिटेज क्लब के वोलंटियर ममता मीणा, पूजा प्रजापत, पुष्कर आंजना, पवन आंजना, कारूलाल आंजना व कुलदीप टांक थे।
Published on:
07 Aug 2018 06:27 pm
