
प्रतापगढ़।
प्रतापगढ़ जिले के धरियावद में पुत्री से बलात्कार मामले ने अब नया मोड ले लिया है। नाबालिग पुत्री से दुष्कर्म करने वाले बलात्कारी पिता ने खुदकुशी कर ली। सोमवार को सुबह आऱोपी का शव घर के अन्दर फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पुलिस उप अधीक्षक सुरेन्द्र कुमावत मौके पर पंहुचे। धरियावद सामुदायिक स्वास्थ केंद्र पर शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा। उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व ही धरियावद थाने में पुत्री से दुष्कर्म के आरोपी पिता पर पोस्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। धरियावद थाना क्षेत्र में हुई इस बलात्कार की घटना ने पूरे प्रदेश को शर्मसार कर दिया था। एक पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ बलात्कार की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोपी पिता ने विरोध करने पर उसके गले पर तलवार लगा दी और किसी को बताने पर मारने की धमकी दी। पुत्री ने अपनी मां को बताया तो मां बेटी छह दिन बाद पीहर जाने के बहाने घर से निकली और रविवार को थाने में आकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने बलात्कार और पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
ये हुआ पूरा मामला...
धरियावद थानाधिकारी भवानी सिंह ने बताया कि पीडि़ता और उसकी मां रविवार को थाने आई। यहां पीडि़ता की मां ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि करीब 6 दिन पहले उसका पति अपनी चौदह वर्षीय पुत्री को रात को किसी सामाजिक कार्यक्रम के नाम पर घर से बाहर ले गया। उस समय वह शराब के नशे में था। वह पुत्री को जंगल में ले गया तथा वहां उसे धमका कर बलात्कार किया।
विरोध करने पर गले पर लगा दी तलवार
बेटी के विरोध करने पर आरोपी पिता ने तलवार गले पर लगा दी और मारने की धमकी दी। पीडि़ता चिल्लाई भी, लेकिन उसकी कोई सुनने वाला जंगल में नहीं था। पीडि़ता ने अगले दिन सुबह इस घटना की बात अपनी मां को बताई। इस पर आरोपी ने अपनी पत्नी को भी धमकाया। कुछ दिन बाद मौका पाकर महिला अपनी बेटी के साथ वहां से पीहर भाग आई और पीहर से रविवार को थाने पर आकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि महिला की रिपोर्ट पर आरोपी पिता के खिलाफ पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर लिया। पीडि़ता की मेडिकल बोर्ड से जांच करवाई। थानाधिकारी ने स्वयं घटनास्थल का मुआयना किया।
Updated on:
13 May 2019 02:23 pm
Published on:
13 May 2019 01:52 pm
