
फाइनेंस मैनेजर से सवा लाख रुपए की लूट
धरियावद(प्रतापगढ़). धरियावद थानान्र्तगत गोपालपुरा केे बसंतपुरा चौराहे के पास मंगलवार दोपहर को दो बाइक सवार नकाबपोश ने एक फाइनेंस कम्पनी के सेक्टर मैनेजर से सवा लाख रुपए से भरा बैग छीनकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
सेक्टर मैनेजर ने खेत में जाकर अपनी जान बचाई। इस बारे में मैनेजर की ओर से धरियावद थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने तत्काल ही इलाके में नाकेबंदी करवाई। सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस वृत्त निरीक्षक डूंगरसिंह चूंडावत ने बताया कि खामली तारना मध्यप्रदेश निवासी अजयसिंह सिसोदिया अभी धरियावद में एक निजी फाइनेंस बैंक शाखा में बतौर सेक्टर मैनेजर पर कार्यरत हैं। वह मंगलवार सुबह लसाडिया चौराहा स्थित अपने ऑफिस से मासिक कलेक्शन पर निकाला था। इस दौरान क्षेत्र के नटेला गांव में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की बैठक ली। इसके बाद नलवा पहुंचा। वहां भी महिला समूह की बैठक ली। उसके बाद गोपालपुरा गांव में भी कलेक्शन किया। इसके बाद अपने कर्मचारी राकेश मेहरा को मोबाइल पर मासिक किस्त की एकत्रित की गई एक लाख २६ हजार रुपए राशि की जानकारी दी।
इसके बाद वहां से रुपए से भरा बैग कंधे पर लटकाकर धरियावद के लिए निकला। गोपालपुरा से महज ढाई किलोमीटर की दूरी पर बसतपुरा चौराहे के पास पीछे आ रही दो मोटरसाइकिल पर सवार चार बादमाशों ने एकाएक उसकी बाइक को धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इस दौरान हाथ में से रुपए से भरा बैग जैसे ही नीचे गिरा, उसी समय एक अन्य बाइक पर सवार नकाबपोश ने बैग छीन लिया। इस दौरान अन्य बाइक पर सवार अज्ञात नकाबपोश ने उसका पीछा किया। जिससे वह घबरा गया और एक खेत में घुसकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Updated on:
02 Jan 2019 01:49 pm
Published on:
02 Jan 2019 01:49 pm
