
व्यापारी पर फायरिंग, बाल-बाल बचा, पहुंची पुलिस
व्यापारी पर फायरिंग, बाल-बाल बचा, पहुंची पुलिस
प्रतापगढ़. शहर के सदर बाजार स्थित धानमंडी में रविवार रात करीब साढ़े 7 बजे एक व्यापारी की दुकान पर बाइक सवार ने फायरिंग कर दी। हालांकि फायरिंग में व्यापारी बाल-बाल बच गया। पुलिस ने मौका-मुआयना किया। पुलिस ने बताया कि विजय पुत्र यशवंत जैन अपनी दुकान पर था। इस दौरान एक बाइक सवार आया और पिस्तौल से फायरिंग कर भाग निकला। गनीमत रही कि गोली उससे दूर होते हुए छज्जे में घुस गई। फायरिंग के बाद माहौल गर्मा गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आस-पास के दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपित की पहचान करने में पुलिस रात तक जुटी रही।
=========================================================================
एक किलोग्राम ब्राउन शुगर परिवहन करते दो लोग गिरफ्तार
अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब एक करोड़ रुपए की कीमत
चप्पलों में छुपा रखी थी
अरनोद अरनोद थाना पुलिस ने एक किलो ब्राउन शुगर परिवहन करते दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जप्त ब्राउन शुगर की अंरराष्ट्रीय कीमत एक करोड़ रुपए की बताई जा रही है। प्रतापगढ़ जिले में एक किलो ब्राउन शुगर पकडऩे की यह बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। ब्राउन शुगर को चप्पल में छुपा रखी थी।
पुलिस अधीक्षक शिवराज मीणा ने बताया कि
अरनोद थाना प्रभारी हजारीलाल मीणा मय जाप्ते के नौगांवा में गश्त कर रहे थे।इस दौरान घोड़ाघट्टा पर दो व्यक्ति खड़े नजर आए।
जो किसी बस का इंतजार कर रहे थे। पुलिस वाहन को देखकर दोनों भागने लगे। इस पर पुलिस ने घेरा देकर दोनों व्यक्ति को पकड़ा। दोनों ने अपनी पहचान हीरालाल पुत्र बदीया मीणा निवासी अचलावदा का पठार तथा भैरूलाल पुत्र शंकरलाल नायक निवासी नई आबादी अरनोद बताई। उक्त दोनों के पास अवैध मादक पदार्थ होने का संदेह होने से चैक किया गया। हीरालाल मीणा की दोनों चप्पल व हाथ में लिए हुए एक बैग में रखी दोनों चप्पलों के तलवों को भारी वजन होने से संदेह होने से उखाड़ कर चेक किया गया।
चारों चप्पलों के अन्दर पॉलिथीन की थैलियों में 950 ग्राम ब्राउन शुगर पाउडर तथा भैरूलाल नायक की पेंट की पीछे की जेब में 50 ग्राम ब्राउन शुगर पाउडर जब्त किया गया। इसकी अन्तर्राष्ट्रीय बाजार मूल्य करीब एक करोड़ रुपए बताई गई है। दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। जिसमें बताया कि ब्राउन शुगर सलीम खां पठान निवासी नौगांवा से लाए है। बस में बैठकर इंदौर जाना था। जो किसी को देनी थी। मामला दर्जकर अनुसंधान सालमगढ़ थाना प्रभारी बुद्धाराम विश्नोई को सौंपी गई है।
---
Published on:
24 Jun 2018 09:07 pm
