
pratapgarh
खेड़ा नरसिंह माता मंदिर
बारावरदा. ग्राम पंचायत की ओर से छोटी सादड़ी रोड स्थित खेड़ा नरसिंह माता मंदिर में दो दिवसीय मेला गुरुवार से शुरू हुआ। चैत्र नवरात्रि की सप्तमी को लगने वाला यह मेला इन दिनों चरम पर है। क्षेत्र के ग्रामीण अंचल के लोग दिनभर खरीदारी के साथ खाने पीने में मनोरंजन के साधनों का लुफ्त उठा रहे हैं। नवरात्र के दिनों में इस मेले में लोक परंपरा अनुसार ग्रामीण परिवेश में विशेष श्रंगार कर महिलाएं और पुरूष पहुंच रहे हैं। पूरे दिन खरीदारी कर झूले चकरी व खाने-पीने आदि का लुफ्त उठा रहे हैं।
आदिवासी अपने मित्रों व सखियों के साथ टोली के रूप में मेले में पहुंचे। यहां मंदिर में दर्शन करते है। मंदिर कमेटी के सचिव रतन लाल मीणा व दऊ सिंह ने बताया कि रात्रि में मंदिर मंडल की ओर से भजन संध्या का आयोजन किया गया।मेले का शुभारंभ सरपंच नाजुराम मीणा ने किया। उपसरपंच गणपत गुर्जर पंचायत समिति सदस्य जय प्रकाश गुर्जर मौजूद रहे। कानून व्यवस्था धमोतर थाने से पुलिसकर्मियों ने संभाली। ग्राम पंचायत की ओर से मेले में आने वाले दुकानदारों के लिए बिजली पानी की व्यवस्था की गई हैं। चिकित्सा व्यवस्था सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर से की गई। तालाब की पाल पर लगने वाले इस मेले में क्षेत्र के लोग गैर नृत्य की वर्षों पुरानी परंपरा को आज भी कायम रखे हुए हैं। मेले में मिट्टी के बर्तन एवं घरेलू काम आने वाले बर्तनों की अधिक बिक्री हुई है।
छोटीसादड़ी. रम्भावली-चीताखेडा मार्ग स्थित आवरी माता मंदिर मन्दिर परिसर में बुधवार रात आवरीमाता मेले के सांस्कृतिक रंगमंच पर बुधवार को तुर्रा कलंगी का भव्य मंचन किया गया। कलंगी उस्ताद दशरथसिंह गौड़ एवं तुर्रा उस्ताद ओमप्रकाश शर्मा के सहयोग से धार्मिक अखाड़ा में भक्त पूरणमल के खेल का मंचन चित्तौडग़ढ़ के प्रसिद्ध कलाकारों ने किया। सर्वप्रथम कलाकार समरथमल और दुर्गेश व कलगी उस्ताद दशरथसिंह गौड़ ने गणपति वंदना कलगी माच शैली में प्रस्तुत की गई। तत्पश्चात कलगी अखाड़ा उस्ताद दशरथसिंह गौड़, तुर्रा अखाड़ा उस्ताद ओमप्रकाश शर्मा द्वारा मां जगदम्बा के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कार्यक्रम का
शुभांरभ किया। मेला समिति द्वारा कार्यक्रम के आयोजकों का साफा बंधवाकर एवं कलाकारो का स्वागत किया गया। इस आयोजन में कलाकारों ने माच की शैली में भक्त पूरणमल के खेल का शानदार मंचन किया। तुर्रा अखाड़ा के उस्ताद भेरूलाल आंजना केसुंदा, कलगी उस्ताद भगवान गिर गोस्वामी, मांगीलाल प्रजापत कलगी उस्ताद केसुंदा का भी अतिथियों द्वारा मंच पर सम्मान किया गया। भक्त पूरणमल खेल मंचन के दौरान शहनाई की सुमधुर लहरियों एवं ढोलक की थाप पर कुसुम नगर की रानी फूलवंति एवं दासी द्वारा जौवन की जवानी दासी..........., पूरण को लेकर आओ मेरी जानी मेरी खिली कली जवानी..........., माच शैली में भजन पर शानदार नृत्य कर दर्शकों को अपना दिवाना बना लिया। खेल मंचन में कुसुम नगर की रानी फूलवंति का विवाह स्वयंवर की स्वचलित झांकी दर्शायी गई।
नरेगा कर्मियों ने ली मतदान करने की शपथ
वनपुरा
निकटवर्ती नौगांवा ग्राम पंचायत के पडूनी गांव में लोकसभा चुनाव 2019 के अंतर्गत स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत उपसरपंच कुंदन डांगी के नेतृत्व में नरेगा कर्मियों को मतदान करने की शपथ दिलाई गई। उन्होंने बताया कि अपना मत निष्पक्ष करें, इस मौके पर बंकट डांगी, ओंकारलाल डांगी, कुंजन डांगी आदि ग्रामीण उपस्थित थे।
Published on:
12 Apr 2019 05:24 pm
