
ड्रग्स तस्कर की संपत्ति फ्रीज, पत्रिका फोटो
NDPS Act Action: मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत प्रतापगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को फ्रीज करने की कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में एक आरोपी की करीब दो करोड़ 78 लाख रुपए की चल-अचल संपत्ति को फ्रीज करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। साथ ही पुलिस की ओर से बोर्ड लगाए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने बताया कि अरनोद थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ(1) के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों की कमाई से खरीदी गई संपत्तियों को चिह्नित कर फ्रीजिंग प्रस्ताव तैयार किया। यह प्रस्ताव कंपिटेंट अथॉरिटी एवं एडमिनिस्ट्रेटर, सफेमा एफओपी एवं एनडीपीएस एक्ट, नई दिल्ली को भेजा गया। जिसे स्वीकार कर लिया गया है। इसके बाद पुलिस की ओर से देेवल्दी गांव में यह कार्रवाई की गई।
अरनोद थाना प्रभारी शिवलाल मीना ने बताया कि 21 फरवरी 2026 को पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान नारायणलाल मीणा निवासी फरेडी के कब्जे से दो किलो 708 ग्राम ब्राउन शुगर और एक किलो 723 ग्राम मिलावट के केमिकल जब्त किए थे। इस संबंध में एनडीपीएस में मामला दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि यह मादक पदार्थ आरोपी उस्मान पुत्र अशरफ खां निवासी देवल्दी द्वारा सप्लाई के लिए भेजा गया था। पुलिस कार्रवाई की भनक लगने पर आरोपी फरार हो गया, जिसके खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।
थाना प्रभारी मीना ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी उस्मान ने मादक पदार्थ तस्करी से कमाई कर कम समय में बड़ी संपत्ति अर्जित की। जिसमें गांव देवल्दी में आवासीय पट्टे पर बना आलीशान मकान करीब 50 लाख रुपए का बनाया। फार्म हाउस करीब एक करोड़ रुपए, दो लक्जरी कार करीब 48 लाख रुपए, पांच मारवाड़ी, काठियावाड़ी नस्ल के घोड़े, 10 मुर्रा नस्ल की भैंसें खरीदी। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के पास आय का कोई वैध स्रोत या पैतृक कृषि भूमि नहीं है।
पुलिस की ओर से तैयार प्रस्ताव 9 अप्रेल को कंपिटेंट अथॉरिटी को भेजा गया था। इसके बाद 13 अप्रेल को आरोपी उस्मान खान और उसके सहयोगियों के खिलाफ संपत्ति फ्रीजिंग के नोटिस जारी किए गए। अरनोद थाना पुलिस ने संबंधित संपत्तियों पर बोर्ड भी लगाए हैं। और आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को सूचित किया गया है।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त आरोपियों और उन्हें सहयोग देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रखी जाएगी।
Updated on:
14 Apr 2026 01:31 pm
Published on:
14 Apr 2026 01:27 pm
बड़ी खबरें
View Allप्रतापगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
