
बेलगाम हो रहे ओवरलोडिंग वाहन
हर समय बना रहता है दुर्घटनाओं का अंदेशा
प्रतापगढ़. जिले में हर प्रकार के ओवरलोडिंग वाहन बेरोकटोक चल रहे हैं। परिवहन व पुलिस विभाग की ओर से इन पर रोक के लिए कोई प्रभावी कदम नही उठाने से ये फिर बेलगाम हो रहे हैं, जिससे हर समय दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। हर बार दुर्घटना के बाद कुछ समय तक इन पर कार्रवाई की जाती है, जिससे रोक लगती है लेकिन ढिलाई के बाद फिर ढाक के तीन पात जैसी स्थिति हो जाती है।
मुनाफा वसूली का खामियाजा
ओवरलोडिंग के पीछे अधिक मुनाफा वसूली जिम्मेदार है। वाहन चालक अधिक किराया वसूली के चक्कर में यात्रियों व माल को वाहन में ठूंस-ठूंस कर भर देते हैं। जिससे उन्हें तो अधिक आमदनी तो हो जाती है लेकिन इसका खामियाजा अन्य लोगों को भुगतना पड़ता है। अधिक किराया वसूली के चक्कर में यात्रियों को बसों व टैम्पों में ठूंस-ठूंस कर भरने और वाहनों में क्षमता से अधिक माल का लदान करने से कई बार वाहन का संतुलन बिगड़ जाता है और दुर्घटना घटित हो जाती है।
खतरे की सवारी
ओवरलोडिंग के चलते जिले में चल रही बसों और टेम्पों में सफर किसी खतरे की सवारी से कम नही लगता। इनमें क्षमता से अधिक यात्रियों का सफर करना आम बात है। इनमें भी ग्रामीण क्षेत्रों में चलने वालें वाहनों के हाल ज्यादा खराब है। वाहनों के अन्दर सवारियों को इस कदर ठूंस-ठूंस कर भर दिया जाता है कि सांस लेना तक दूभर हो जाता है। बस और टैम्पों के अन्दर जगह नही होने पर सवारियों को वाहनों की छतों तक पर बैठा दिया जाता है, यहां तक की कई लोग तो वाहनों के पीछे और दरवाजों पर लटक कर भी सफर करते दिखाई देते है।
ओवरलोड माल का लदान
ट्रकों में ओवरलोड माल के लदान पर भी रोक नही लग पा रही है। इनमें क्षमता से अधिक माल का लदान होना आम बात है। ट्रकों में ओवरलोड माल का लदान दुर्घटनाओं को न्यौता दे रहा है। ज्यादा माल भरा होने से कई बार चालक वाहन पर नियंत्रण नही रख पाते। भूसे व पत्थर से भरे ट्रक भी परेशानी का सबब बन गए है। भूसे में ज्यादा भार नही होने से ट्रक में इतना भूसा भर दिया जाता है कि यह जमीन छूने लगता है। वहीं पत्थर काफी ऊपर तक भर दिये जाते है। कई बार यह पत्थर चलते ट्रक से नीचे गिर कर गंभीर दुर्घटना का कारण बन जाते है।
ठोस कार्रवाई का अभाव
जिले में धडल्ले से दौड़ते ओवरलोडिंग वाहनों के काफी हद तक प्रभावी ठोस कार्रवाईयों का नहीं होना जिम्मेदार है। परिवहन व पुलिस की ओर से यदा-कदा कार्रवाई कर इतिश्री कर ली जाती है। जिसके चलते वाहन चालक अनदेखी का फायदा उठाकर ओवरलोडिंग कर मुनाफा वसूली में जुटे रहते हैं।
...........................
तेज करेंगे कार्रवाई
ओवरलोड वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाती है। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए चलने वाले वाहनों में ओवरलोड की समस्या ज्यादा है। इन पर विशेष ध्यान देकर कार्रवाई तेज की जाएगी।
रामराज, कार्यवाहक जिला परिवहन अधिकारी, प्रतापगढ़
Published on:
02 Oct 2018 10:32 am
