
जिले में पानी को लेकर अभी से पड़ रहा भटकना
प्रतापगढ़.
जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण इलाकों में पानी के लिए लोगों को अभी से परेशानी उठानी पड़ रही है। जिले में गर्मी आने से पहले ही जलसंकट के हालात बन रहे है। शहर सहित कई गांवों में कई हैण्डपम्प खराब पड़े हुए हैं, जिसके कारण लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। शहर में अधिकांश कॉलोनियों में 7 से 8 दिनों से पानी की सप्लाई हो रही है। नियमित पानी नहीं मिलने के कारण लोगों को निजी टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है।
शहर की कई कॉलोनियों में 7 से 8 दिन में पानी की सप्लाई होती है। वह भी मात्र थोड़ी देर के लिए। नियमित पानी नहीं मिलने के कारण लोगों में रोष फैल रहा है। शहर के तेलियों की गली, बापू गली, तलाई मोहल्ला, बगवास, कृषि मंडी रोड मारुति नगर सहित कई कॉलोनियों और मोहल्लों में पानी की नियमित सप्लाई नहीं हो रही है।
कच्ची बस्ती में भी पानी की परेशानी
शहर के बगवास स्थित कच्ची बस्ती में भी पानी की समस्या बनी हुई है। कच्ची बस्ती में कई हैंडपम्प खराब होने के कारण काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। यहां के निवासियों को पानी के लिए 2 से 3 किलोमीटर तक इधर-उधर भटक कर पानी लाने पर मजबूर है।
5 से 10 मिनट होती है पानी की सप्लाई
विभाग की ओर से शहर में कई कॉलोनियों में 4 से 5 दिनों में मात्र 5 से 10 मिनट पानी की सप्लार्ई हो रही है। वह भी बारिश के बाद से लगातार बदबूदार व गंदा पानी लोगों को मिल रहा है। ऐसे में लोगों को केवल पीने का पानी ही मिल पा रहा है और अन्य कार्यों के लिए पानी खरीदना पड़ रहा है।
........................
थोड़ी बहुत बनी हुई है समस्या
शहर में नियमित रूप से पानी की सप्लाई हो रही है। थोड़ी बहुत परेशानी कभी आ जाती है।
कुलदीप, कनिष्ठ अभियंता, जलदाय विभाग प्रतापगढ़
Updated on:
09 Mar 2019 11:55 am
Published on:
09 Mar 2019 11:55 am
