
धूप से बचने के लिए स्कार्फ बांध जाती युवतियां. फोटो अनुग्रह सोलोमन
Rajasthan Heatwave Alert: राजस्थान में गर्मी का असर तेज हो गया है। पिछले 24 घंटे में राज्य में कहीं-कहीं उष्णलहर दर्ज की गई। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान कोटा में 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लू के थपेड़ों से लोग बेहाल नजर आए। राज्य में न्यूनतम तापमान पाली में 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार 24 अप्रेल तक उष्णलहर का असर रहेगा। इस दौरान धीरे-धीरे एक से 2 डिग्री तक तापमान में बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग ने 21 अप्रेल के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है, जिसमें झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़ जिले में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
22 और 23 अप्रेल को भरतपुर, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले के लिए ऊष्ण लहर का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। 24 अप्रेल को भरतपुर, डीग, धौलपुर, करौली और खैरथल-तिजारा के लिए ऊष्ण लहर का अलर्ट मौसम विभाग की ओर से जारी किया गया है।
भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से आमजन को जागरूक किया जा रहा है। विशेष रूप से बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं, बच्चे एवं बीमार व्यक्तियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
प्रतापगढ़ के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनोद खांट ने बताया कि जिले में तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है। ऐसे में धूप से बचाव और शरीर में पानी की पर्याप्त मात्रा बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में डिहाइड्रेशन और त्वचा रोगों के मामले बढ़ जाते हैं। इसे देखते हुए जिला चिकित्सालय सहित सभी सीएचसी और पीएचसी में छाया, हवा और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पतालों में ओआरएस कॉर्नर स्थापित किए गए हैं और आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर सर्वे कर जरूरतमंदों को ओआरएस पैकेट वितरित किए जा रहे हैं। 108 एंबुलेंस में भी गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक दवाइयां, आइस पैक और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
पर्याप्त मात्रा में पानी, छाछ, नींबू पानी जैसे तरल पदार्थ लें। हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें। धूप में निकलते समय सिर को ढककर रखें। बहुत जरूरी होने पर ही बाहर निकलें, विशेषकर दोपहर में। घर से निकलते समय पानी साथ रखें और बच्चों, बुजुर्गों व बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें।
तेज धूप में अनावश्यक बाहर नहीं निकलें। खाली पेट धूप में नहीं जाएं। लंबे समय तक धूप में काम करने से बचें। शरीर में पानी की कमी नहीं होने दें और लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं बरतें। यदि किसी व्यक्ति में चक्कर आना, तेज बुखार, उल्टी, कमजोरी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें तो उसे तुरंत छांव में लाकर पानी या ओआरएस दें और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराएं। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि किसी भी स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र, आशा या एएनएम से संपर्क कर समय पर उपचार लें।
Updated on:
20 Apr 2026 04:09 pm
Published on:
20 Apr 2026 04:05 pm
बड़ी खबरें
View Allप्रतापगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
