
दीपिका की हिम्मत के आगे पस्त हुए लुटेरे, दिन दहाड़े घर में घुसा नकाबपोश
धमोतर/प्रतापगढ़. जिले के धमोतर कस्बे में शनिवार को दिन दहाड़े घर में घुसे नकाबपोश को महिला ने हिम्मत से सामना कर उल्टे पैर भागने पर मजबूर कर दिया।
पुलिस के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग 113 पर बने सुशील शर्मा के मकान में लूट के प्रयास की यह वारदात दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई। जिसमें एक नकाबपोश घर में घुसा, तब गृहस्वामी सुशील किसी काम से बाहर थे। उनकी पत्नी दीपिका(27) घर के कामकाज कर रही थी। घर का दरवाजा खुला था।
लुटेरे ने अंदर घुसकर दीपिका को चाकू दिखाकर मंगलसूत्र छीना। अलमारी की चाबी मांगी। उस समय दीपिका ने चाबी किचन में होने का बहाना किया और लुटेरे को किचन में ले गई। उसने किचन में से मिर्ची का डिब्बा उतारा और लुटेरे की आंखों पर मिर्च फेंक दी। इससे वह घबराकर भाग गया। जहां एक अन्य लुटेरा बाइक पर इंतजार कर रहा था। वहां से दोनों भाग गए। इसके बाद दीपिका ने पति को फोन लगाया और बाहर आकर शोर मचाया। इस पर कई ग्रामीण पहुंच गए। ग्रामीणों ने आसपास तलाश की।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और नाकेबंदी की। रात तक लुटेरों का सुराग नहीं लगा। पुलिस ने सुशील की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया है।
कस्बे में दीपिका की हिम्मत की चर्चा रही। वहीं पुलिस ने मामले को देखते हुए आसपास के गांवों में संदिग्ध लोगों की तलाश में जुटी रही। कई लोगों से पूछताछ भी की गई।
एक सप्ताह से दहशत
यहां गांव में पिछले एक सप्ताह से हो चोरी की वारदातें और चोर दिखने पर ग्रामीणों में भय का माहौल है। यहां एक सप्ताह पहले, पांच दिन पूर्व भी चोरी हुई थी। वहीं दो दिन पहले चोरों ने गांव में उत्पात मचाया था। ग्रामीणों ने बताया कि यहां चोरी की वारदातें नहीं रुक रही है। चोरों की गतिविधियां यहां रोजाना हो रही है। ऐसे में ग्रामीण भी अब रतजगा कर रहे है। इसके बावजूद चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही।
आंखों में डाली मिर्ची, दिखाई दरांती
अलमारी की चाबी के बहाने किचन में गई
धमोतर .गांव में एक मकान घुसे नकाबपोश को महिला ने जिस हिम्मत से भगाया। उसकी दिनभर चर्चा रही।
दीपिका शर्मा ने पत्रिका को बताया कि वह मकान में अकेली थी।इस दौरान बच्चों को सुलाने के बाद नहाने गई। बाद चौक में आई तो एक नकाबपोश चोर दिखा। चोर ने उसके गले में चाकू रखा और अलमारी की चाबी मांगी। इस दौरान एक चैन उसने छीन ली। चाबी मांगने पर दीपिका ने बहाना बनाया कि उसकी सासुजी चाबी को किचन में एक डिब्बे में रखती है। चाबी के बहाने किचन में गई। जहां चोर ने एक रोटी भी खाई।
इस दौरान दीपिका ने मिर्ची का डिब्बा खोला और मिर्ची पाउडर को चोर की आंखों में फेंक दिया। इससे उसके हाथ में मंगल सूत्र गिर गया। दीपिका ने दराती लेकर सामना किया, जिससे चोर डर गया और बाहर भाग गया।इसके बाद दीपिका ने अन्य परिजनों को बुलाया। बाहर आने पर एक बाइक पर दो नकाबपोश भागते दिखे।
Published on:
23 Dec 2018 11:27 am
