
समय पर नहीं मिल रहा पीने के लिए पानी, सडक़ों की भी हालत खराब
प्रतापगढ़. जिला मुख्यालय पर चल रही जलदाय विभाग की 94 करोड़ की पुनर्गठन योजना कमोबेश पूरी होने को है लेकिन इसका पूरा लाभ अब तक लोगों को नहीं मिल पा रहा। अलबत्ता इससे परेशानी जरुर बढ़ी हुई है। अब तक ना तो लोगों को समय पर पानी मिल पा रहा है वहीं सडक़ें भी उधड़ी पड़ी है।
दिनभर उड़ती धूल बनी समस्या: शहर में जगह-जगह खुदी सडक़ों से दिनभर उड़ती धूल बड़ी समस्या बनने लगी है। उड़ती धूल से सबसे ज्यादा परेशानी रोड किनारे रहने वालों, और दुकानदारों को हो रही है। उनका कहना है कि घर-दुकान में इतनी धूल आ जाती है कि थोड़ी-थोड़ी देर में में सफाई करनी पड़ती है। वहीं दिनभर उड़ती धूल के कारण कई बीमारियां भी हो रही है।
सडक़ों का काम आधा-अधूरा
योजना के तहत शहर की सडक़ों को खोद पुरानी पाइप लाइन की जगह नई पाइप लाइन डाली गई है। योजना के तहत विभाग को फिर से सडक़ों का नवीनीकरण करवाना है लेकिन विभाग की लेटलतीफी के चलते शहर में जगह-जगह खुदी सडक़, उड़ती धूल से लोगों का जीना मुहाल हो रहा है। प्रशासन व जिम्मेदार विभाग का योजना पर ध्यान नहीं होने के कारण ठेकेदारों की मनमर्जी के चलते शहर की जनता परेशान हो रही है। शहर में कई जगह सडक़ों का आधा-अधूरा कार्य छोड़ दूसरी सडक़ों पर काम चलाकर मार्ग को रोक दिया जाता है जिसके कारण सभी परेशानी उठानी पड़ रही थी।
ना समय पर ना
पर्याप्त पानी
94 करोड़ की योजना के तहत कई कॉलोनियों में पुरानी पाइप लाइन की जगह अब नई पाइप लाइन से पानी दिया जाने लगा है लेकिन जलापूर्ति व्यवस्था अब तक सुचारू नहीं हो पाई है। विभाग की ओर से पहले जहां एकांतर जलापूर्ति की जाती थी। वहीं अब शहर में 4-5 दिनों में पानी दिया जा रहा है, वह भी मात्र 15 से 25 मिनिट तक। वहीं कई बार तो एक सप्ताह तक पानी नहीं आता। ऐसे में लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कृषि मंडी चौराहे पर सबसे ज्यादा परेशानी
शहर के कृषि मंडी चौराहे पर सबसे ज्यादा परेशानी लोगों को उठानी पड़ रही है। यहां चौराहे से अम्बेडकऱ सर्कल तक जाने में जाम में फंसते हुए जाना पड़ता है। एक तरफ कार्य धीमी गति से चल रहा है वहीं चौराहे से देवगढ़ दरवाजे रोड पर भी मार्ग बंद कर तीन दिनों से कार्य चल रहा है। जिसके कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है।
Published on:
22 Feb 2019 11:04 am
