18 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सांसद कंगना रनौत पर अभद्र टिप्पणी मामले में सपा विधायक पर मुकदमा, सोशल मीडिया पर साझा किया था पोस्टर

RK Verma SP MLA : प्रतापगढ़ के रानीगंज से सपा विधायक आर.के. वर्मा के खिलाफ साइबर थाने में FIR दर्ज की गई है। उन पर सोशल मीडिया पर महिला सांसद कंगना रनौत के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है।

2 min read
Google source verification
Akhilesh

सपा विधायक पर FIR, PC -Instagram Profile

प्रतापगढ़ के रानीगंज विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक राकेश कुमार वर्मा (आर.के. वर्मा) के खिलाफ साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। उन पर सोशल मीडिया पर एक महिला सांसद के संबंध में कथित तौर पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है।

यह कार्रवाई भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला अध्यक्ष अंशमान सिंह की शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में कहा गया है कि विधायक ने 17 जून 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट साझा की थी, जिसमें महिला सांसद कंगना रनौत के लिए कथित रूप से अपमानजनक और महिला सम्मान को आहत करने वाली भाषा का प्रयोग किया गया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता अंशमान सिंह ने अपनी तहरीर में कहा है कि किसी जनप्रतिनिधि द्वारा सार्वजनिक मंच पर इस प्रकार की कथित अमर्यादित टिप्पणी करना न सिर्फ एक महिला के सम्मान के खिलाफ है, बल्कि इससे समाज में भी गलत संदेश जाता है।

शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 352 और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच का जिम्मा निरीक्षक राजीव कुमार तिवारी को सौंपा गया है। पुलिस इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को जुटाने के साथ-साथ मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

राकेश कुमार वर्मा, जिन्हें डॉ. आर.के. वर्मा के नाम से भी जाना जाता है, उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक हैं। वह प्रतापगढ़ के ग्राम सराय देवराय पोस्ट कटरा गुलाब सिंह के रहने वाले हैं। राकेश कुमार वर्मा तीसरी बार विधायक बने हैं।