
घटना की जानकारी देते एएसपी, फोटो सोर्स- X वीडियो ग्रैब
Pratapgarh Crime News. प्रतापगढ़ में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां बेटे ने अपने 85 वर्षीय पिता की हत्या कर शव को घर के अंदर जमीन में गाड़ दिया। यह वारदात करीब 20 दिन पहले की है। काफी दिनों तक वृद्ध के दिखाई न देने और घर से तेज बदबू आने पर परिजनों को शंका हुई। मृतक के बड़े बेटे ने कमरे के अंदर उभरी हुई जमीन देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने खुदाई कराकर शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी बेटे की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। मामला महेशगंज थाना क्षेत्र का है।
उत्तर प्रदेश के महेशगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत अठाईसा गांव निवासी 85 वर्षीय जगदीश द्विवेदी अपने छोटे बेटे विजय द्विवेदी के साथ रहते थे। पिछले 20 दिनों से दोनों में से कोई दिखाई नहीं दे रहा था। इस पर ग्रामीणों ने दो दिन पहले दिल्ली में रहने वाले उनके बड़े बेटे अजय को फोन पर इसकी जानकारी दी। अजय ने पिता और छोटे भाई दोनों को संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों के फोन नहीं उठे।
सूचना मिलने पर दिल्ली में नौकरी करने वाले जगदीश के दोनों बड़े बेटे-अजय और संतोष प्रतापगढ़ पहुंच गए। अजय जब घर पहुंचा तो उसे अंदर से तेज दुर्गंध आई। अनहोनी की आशंका जताते हुए उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही महेशगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घर के अंदर इतनी तेज बदबू थी कि पुलिसकर्मियों को मुंह पर कपड़ा बांधकर अंदर जाना पड़ा। कमरे की जांच के दौरान पुलिस को एक जगह मिट्टी उठी हुई दिखी, जहां ताजा कब्र जैसी आकृति बनी थी। शक के आधार पर खुदाई कराई गई तो अंदर से जगदीश द्विवेदी का शव बरामद हुआ। अजय ने शव की शिनाख्त अपने पिता के रूप में की। अजय और संतोष ने आरोप लगाया कि विजय ने जमीन-जायदाद और रुपयों के लालच में पिता की हत्या की है।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) बृजनंदन राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके से आला-ए-कत्ल (फावड़ा और खुरपी) बरामद कर लिया गया है। अजय की तहरीर पर आरोपी विजय द्विवेदी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
Updated on:
23 Jul 2026 06:14 pm
Published on:
23 Jul 2026 06:14 pm
