8 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

अतीक अहमद के बेटे अबान की दुर्घटनाग्रस्त कार को लेकर खुलासा, आरटीओ में दर्ज पता भी निकला फर्जी

झांसी सड़क हादसे में मारे गए अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद की कार को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। आरटीओ रिकॉर्ड में कार का पता फर्जी निकला, जबकि चार साल में 16 चालान, जिनमें 6 ओवरस्पीडिंग के हैं, सामने आए हैं।
2 min read
Google source verification
Atiq Ahmed Son Aban Dies

हादसे के बाद अतीक के बेटे अबान की मौत- फोटो पत्रिका नेटवर्क

Abaan Ahmed Death Update: प्रयागराज। झांसी में गुरुवार को सड़क हादसे का शिकार हुई कार को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। माफिया अतीक अहमद के मृतक पुत्र अबान अहमद का दोस्त मोहम्मद जैद जिस कार को चला रहा था, उसका परिवहन विभाग (आरटीओ) के रिकॉर्ड में दर्ज पता फर्जी निकला है। इतना ही नहीं, बीते चार सालों के भीतर इस कार का 16 बार चालान हो चुका है, जिसमें से 6 चालान केवल तेज रफ्तार के हैं।

बता दें कि यह हादसा झांसी कानपुर हाईवे पर पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास हुआ था। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में अबान और उसके दोस्त सोनू की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कार सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शुक्रवार को प्रयागराज के कसारी मसारी कब्रिस्तान में उसे सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। अंतिम संस्कार को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

दूसरे के मकान नंबर पर करा रखा था रजिस्ट्रेशन

जागरण के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि कार मोहत्सिमगंज निवासी मोहम्मद जैद की है, जिसे यह गाड़ी साल 2021 में शादी के दौरान ससुराल पक्ष से मिली थी। नवंबर 2024 में यह कार जैद के नाम ट्रांसफर हुई थी। आरटीओ रिकॉर्ड के मुताबिक, कार का रजिस्ट्रेशन मकान नंबर 104 पर दर्ज है, जबकि जैद खुद मकान नंबर 204 में रहता है। हैरानी की बात यह है कि मकान नंबर 104 में रहने वाले पुग्गू लाल कनौजिया के परिवार को इस बात की भनक तक नहीं है कि उनके पते पर कोई लग्जरी कार पंजीकृत है।

ओवरस्पीडिंग के 6 चालान, आधा जुर्माना भी भरा

परिवहन विभाग के आनलाइन पोर्टल के मुताबिक वर्ष 2022 से 2026 के बीच इस गाड़ी के कुल 16 चालान काटे गए हैं। इनमें से आठ चालान का जुर्माना भरा जा चुका है, जबकि आठ बकाया हैं। गाड़ी का आखिरी चालान हादसे से करीब डेढ़ माह पूर्व 27 जून को हुआ था।

पूरे इलाके में मातम और कड़ा सुरक्षा घेरा

उधर, हादसे के बाद से ही हटवा गांव, चकिया और कसारी-मसारी कब्रिस्तान क्षेत्र में सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है। सुरक्षा और शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इन सभी इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरे दिन समर्थकों और करीबियों की आवाजाही के बीच गहमागहमी का माहौल बना रहा। फरार चल रही इनामी शाइस्ता परवीन, अतीक की बहन आयशा नूरी और अशरफ की पत्नी जैनब के आने की संभावना को देखते हुए खुफिया एजेंसियां हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं।