
ब्रजभूषण शरण सिंह । फोटो सोर्स-FB (Brij Bhushan Sharan Singh)
Brijbhushan Sharan Singh Statement On Rahul Gandhi Prayagraj: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रयागराज में होने वाले कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ को अनुमति मिलने के बाद भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद और वरिष्ठ नेता बृजभूषण शरण सिंह ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने राहुल गांधी के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि अब बहुत देर हो चुकी है। ये काम उन्हें एक या दो साल पहले ही करना चाहिए था।
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि मैं राहुल गांधी के इस कदम का स्वागत करता हूं कि वे छात्रों से संवाद करने जा रहे हैं। लेकिन उन्होंने बहुत देर कर दी है। छात्रों की जो समस्याएं थीं, उनको तो कॉकरोच पार्टी लूट ले गई। कॉकरोच पार्टी ने जिस समस्या को उठाया, वो कोई अचानक पैदा नहीं हुई थी। लेकिन राहुल गांधी की समझ में नहीं आया। अगर उन्होंने पेपर लीक के प्रकरण पर लोकसभा के अंदर कोई बड़ा वक्तव्य दिया हो, डिबेट रखा हो या चर्चा कराई हो तो बताएं।
बीजेपी नेता ने आगे कहा कि जब कॉकरोच पार्टी इस समस्या को लूट ले गई और प्रधानमंत्री, धर्मेंद्र प्रधान तथा भारतीय जनता पार्टी ने जितनी मांग थी उससे ज्यादा कर दिया, तो अब इसमें कुछ बचा ही नहीं। इनकी जूठन खाने की आदत है। लेकिन फिर भी हम उनके इस कदम का स्वागत करते हैं। देर आए पर बहुत देर हो गई, अब कुछ बचा नहीं है।
गौरतलब है कि 8 अगस्त शनिवार को प्रयागराज के केपी ग्राउंड में राहुल गांधी छात्रों के साथ संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों के आने का अनुमान है। कांग्रेस दो महीने से इस कार्यक्रम की तैयारी कर रही थी, लेकिन दो-तीन दिन पहले केपी ट्रस्ट ने अनुमति रद्द कर दी थी। इसके बाद कांग्रेस की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आई। अब ट्रस्ट ने कुछ शर्तों के साथ दोबारा अनुमति दे दी है।
बृजभूषण शरण सिंह का यह बयान राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। वे लंबे समय से उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और छात्रों तथा युवाओं के मुद्दों पर अक्सर अपनी राय रखते रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष को समय रहते मुद्दों को गंभीरता से उठाना चाहिए था। अब जब सरकार ने छात्रों की अधिकांश माँगें पूरी कर दी हैं, तब संवाद कार्यक्रम का आयोजन ज्यादा मायने नहीं रखता।
Updated on:
07 Aug 2026 03:44 pm
Published on:
07 Aug 2026 03:44 pm
