
ससुराल में पति ने एक के बाद एक की बमों की बरसात! फोटो सोर्स- वीडियो ग्रैब-X (@ashishpaswan0)
Bomb Attack Prayagraj: शहर के करेली थाना क्षेत्र स्थित GTB नगर में रविवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने अपने 2 साथियों के साथ कथित तौर पर ससुराल पहुंचकर पहले विवाद किया और फिर घर पर ताबड़तोड़ देसी बम फेंक दिए। लगातार हुए धमाकों से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस ने देर रात 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, GTB नगर निवासी नजमा बेगम की बेटी ने करीब 12 साल पहले परिवार की इच्छा के खिलाफ करेली निवासी राजा बंसी उर्फ अली खान से प्रेम विवाह किया था। शुरुआती सालों तक दोनों का वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन हाल के दिनों में पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद महिला अपने मायके आकर रहने लगी। आरोप है कि राजा बंसी कई बार पत्नी को वापस ले जाने की कोशिश करता रहा, लेकिन वह लौटने के लिए तैयार नहीं हुई। इसी बात से नाराज होकर उसने ससुराल पहुंचकर हंगामा किया।
रविवार रात करीब साढ़े 9 बजे राजा बंसी अपने 2 साथियों उस्मान और आमिर के साथ GTB नगर स्थित ससुराल पहुंचा। परिवार का आरोप है कि तीनों ने घर के बाहर पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने लगे।
परिजनों ने जब इसका विरोध किया तो विवाद और बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने अचानक घर की ओर देसी बम फेंकने शुरू कर दिए, जिससे पूरे इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने एक के बाद एक 4 देसी बम घर पर फेंके। तेज धमाकों की आवाज सुनकर परिवार के सभी सदस्य तुरंत घर के अंदर सुरक्षित स्थान पर चले गए, जिससे किसी तरह उनकी जान बच गई। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ देर के लिए पूरे मोहल्ले में भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना इलाके में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक से भागते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी है।
करेली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात आरोपी उस्मान और आमिर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, मुख्य आरोपी राजा बंसी उर्फ अली खान अभी फरार है। पुलिस का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। बरामद साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित विषय:
Updated on:
14 Jul 2026 12:10 pm
Published on:
14 Jul 2026 11:56 am
