
केतन मर्डर केस में पुलिस कैसे पार करेगी 'पंचशील' की चुनौती?
Lohagad Fort ketan Murder: पुणे के लोहागढ़ किले में हुए चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड ने कानूनी और फॉरेंसिक विशेषज्ञों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। इस पूरे मामले की सबसे बड़ी पेचीदगी यह है कि केतन को पहाड़ी से नीचे धकेले जाते हुए किसी ने नहीं देखा। यानी पुलिस के पास इस जघन्य हत्याकांड का कोई भी चश्मदीद या प्रत्यक्ष गवाह मौजूद नहीं है। ऐसे में आरोपियों मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को अदालत से सजा दिलाना पुलिस के लिए एक बड़ी अग्निपरीक्षा साबित होने वाला है। कानूनी तौर पर इसे साबित करने के लिए पुलिस को सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक 1984 के 'पंचशील सिद्धांतों' की कठिन चुनौती को पार करना होगा।
इस कानूनी चुनौती से निपटने के लिए पुणे पुलिस ने वैज्ञानिक और फॉरेंसिक जांच का सहारा लिया है। मंगलवार और बुधवार को भारी सुरक्षा के बीच पुलिस दोनों आरोपियों को लोहागढ़ किले लेकर पहुंची, जहां वारदात का पूरा नाट्य रूपांतरण (क्राइम सीन रीक्रिएशन) किया गया। इसके साथ ही, आरोपी चेतन चौधरी का 'गेट एनालिसिस' भी कराया गया। दरअसल, सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध शख्स हुडी (टोपी वाली टी-शर्ट) पहनकर केतन का पीछा करता दिखा था, जिसे बचाव पक्ष का वकील चेतन मानने से इनकार कर रहा है। गेट एनालिसिस के जरिए चेतन के चलने के अंदाज, शारीरिक बनावट और कद-काठी का वैज्ञानिक रिकॉर्ड तैयार किया गया है, ताकि अदालत में यह अकाट्य सबूत पेश किया जा सके कि हुडी वाला शख्स चेतन ही था।
सुप्रीम कोर्ट के 1984 के 'पंचशील' सिद्धांत के अनुसार, यदि किसी मामले में कोई प्रत्यक्ष (चश्मदीद) गवाह नहीं है, तब भी केवल परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को दोषी ठहराया जा सकता है। इसके लिए अभियोजन पक्ष को यह साबित करना होता है कि सभी तथ्य पूरी तरह सत्य और विश्वसनीय हैं, वे केवल आरोपी के दोषी होने की ओर ही संकेत करते हैं, फॉरेंसिक और अन्य साक्ष्य मजबूत व अकाट्य हैं, आरोपी के निर्दोष होने की कोई तार्किक संभावना नहीं बचती और सभी परिस्थितियां मिलकर ऐसी अटूट श्रृंखला बनाती हैं, जिससे यही निष्कर्ष निकले कि अपराध केवल उसी आरोपी ने किया है।
कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार, केतन मर्डर केस की पूरी कानूनी लड़ाई इसी 'पंचशील' के इर्द-गिर्द घूमेगी। पुलिस अब उन परिस्थितियों को वैज्ञानिक रूप से जोड़ने में जुटी है, जिससे यह 'अटूट कड़ी' बनाई जा सके। आपको बता दें कि पुलिस की थ्योरी के मुताबिक, सिया और चेतन का एक साथ घर से निकलना, लोहागढ़ किले पहुंचना, हुडी वाले शख्स (चेतन) द्वारा पीछा किया जाना, पहाड़ी से धकेले जाने के बाद केतन की मौत होना और वारदात के बाद सिया द्वारा अपने मंगेतर (केतन) का मोबाइल फोन छिपाकर अपने पास रख लेना, ये सभी ऐसी परिस्थितियां हैं जो सीधे तौर पर दोनों को कातिल ठहराती हैं। अब देखना यह होगा कि बिना किसी चश्मदीद के, पुलिस फॉरेंसिक और वैज्ञानिक सबूतों के दम पर कोर्ट में 'पंचशील' की इस कसौटी को कितनी मजबूती से पार कर पाती है।
Published on:
01 Jul 2026 05:23 pm
बड़ी खबरें
View Allपुणे
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
