
महिला कारोबारी से 5 करोड़ की रंगदारी
Lawrence Bishnoi Gang:महाराष्ट्र के पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ इलाके में कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे बनकर बिजनेसमैन और उद्यमियों को जबरन वसूली (Extortion) के लिए धमकाने के कई मामले सामने आए हैं। ताजा मामले में पिंपरी-चिंचवड़ के वाकड़ इलाके की एक महिला उद्यमी और दुबई में रह रहे उनके पति से वॉट्सऐप कॉल के जरिए 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। पैसा न देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। पिंपरी-चिंचवड़ के वाकड़ पुलिस स्टेशन में दर्ज प्राथमिकी (FIR) के अनुसार, 34 साल की पीड़ित महिला वाकड़ के पार्क स्ट्रीट इलाके में रहती है और क्लाउड किचन का बिजनेस चलाती है।
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गुरुवार को उनके मोबाइल पर एक विदेशी (International) नंबर से वॉट्सऐप कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद का नाम 'आरज़ू बिश्नोई' बताया और दावा किया कि वह जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का बेहद करीबी सहयोगी है। आरोपी ने महिला से सीधे 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी। जब महिला ने असमर्थता जताई, तो उसने पूरे परिवार को जान से मारने की खौफनाक धमकी दी। इस मामले में चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब उसी विदेशी नंबर से महिला के पति को भी फोन किया गया, जो इस समय दुबई में हैं। उनसे भी इसी अंदाज में 5 करोड़ रुपए की मांग की गई।
वाकड़ पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर अशोक कड़लग ने पुष्टि की है कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को तकनीकी तफ्तीश में शक है कि आरोपियों ने अपनी पहचान और लोकेशन छुपाने के लिए वीपीएन का इस्तेमाल कर ये इंटरनेशनल कॉल किए थे।
गौरतलब है कि पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में बिश्नोई गैंग की कथित सक्रियता के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। 16 मई को पुनावले स्थित एजे फर्नीचर मॉल पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। जांच में दावा किया गया कि यह हमला सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में आरोपी बिश्नोई गैंग से जुड़े कुलदीप उर्फ कशिश के इशारे पर कराया गया था। पुलिस के अनुसार, मॉल मालिक से 2 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी और इनकार करने पर फायरिंग की गई। इस साजिश में गैंग के सदस्य शुभम लोनकर का नाम भी सामने आया था। वहीं, इसी साल जनवरी में पिंपरी के कारोबारी और फिल्म फाइनेंसर सनी नाना वाघचौरे को भी शुभम लोनकर के नाम से अंतरराष्ट्रीय कॉल कर 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। इसके अलावा, दिघी पुलिस थाने में 'वीर फर्नीचर' के मालिक ने भी इसी तरह की धमकी मिलने की शिकायत दर्ज कराई थी।
Updated on:
27 Jun 2026 03:35 pm
Published on:
27 Jun 2026 03:35 pm
