
पुणे में चार लोगों ने मिलकर पुलिसकर्मी पर किया हमला, फोटो सोर्स- इंस्टाग्राम ( @Policenama )
Pune Crime News: पुणे रेलवे स्टेशन इलाके में रेलवे पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। ड्यूटी से घर लौट रहे पुलिसकर्मी को चार लोगों ने रास्ते में रोककर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों ने वारदात के बाद उनकी सोने की चेन और मोबाइल फोन भी छीन लिया। घायल पुलिसकर्मी की पहचान अक्षय बॉम्बाले के रूप में हुई है। मामले में बंडगार्डन पुलिस स्टेशन में हत्या के प्रयास और लूट समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
महाराष्ट्र टाइम की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 8:30 बजे अक्षय बॉम्बाले काम खत्म करने के बाद सब-डिविजनल पुलिस अधिकारी के कार्यालय के सामने सड़क से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनके परिचित विक्की और रॉकी अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां मौजूद थे। चारों ने बॉम्बाले को रास्ते में रोक लिया और उनसे विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है कि विक्की ने बॉम्बाले से सवाल किया, ‘तुमने मेरी मां को क्यों बताया कि मैं गांजा और शराब पीता हूं?’ इसके बाद दोनों के बीच बहस होने लगी। बॉम्बाले ने मामले को गलतफहमी बताते हुए समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी शांत नहीं हुए। विवाद बढ़ने पर दो आरोपियों ने बॉम्बाले के हाथ-पैर पकड़ लिए।
इसके बाद विक्की ने कथित तौर पर चाकू निकालकर बॉम्बाले की गर्दन पर वार किया, जबकि रॉकी ने उनकी छाती पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में बॉम्बाले गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आरोपियों ने उनकी सोने की चेन और मोबाइल फोन छीन लिया और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल बॉम्बाले को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। उनकी शिकायत के आधार पर बंडगार्डन पुलिस ने विक्की, रॉकी और उनके दो अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाई हैं और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
Updated on:
08 Sept 2026 02:37 pm
Published on:
08 Sept 2026 02:37 pm
