19 अगस्त 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पुणे के ऐतिहासिक सिंहगढ़ किले पर शॉर्ट्स पहनने पर पर्यटकों से मारपीट, 8 लोगों पर FIR

Sinhagad Fort Tourist Assault: पुणे के सिंहगढ़ किले पर शॉर्ट्स और स्लीवलेस टॉप पहनने को लेकर विवाद के बाद चार पर्यटकों से कथित मारपीट हुई। पुलिस ने दक्षिणपंथी संगठन से जुड़े 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
2 min read
Google source verification

पुणे

image

Dinesh Dubey

Aug 19, 2026

Pune Sinhagad Fort Tourist Assault

पुणे के सिंहगढ़ किले पर पर्यटकों से मारपीट (Photo: X/@SmritiSharma_)

Tourist Assault in Pune: महाराष्ट्र के पुणे स्थित प्रसिद्ध सिंहगढ़ किले में कपड़ों को लेकर हुए विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। पुलिस ने चार पर्यटकों, जिनमें एक महिला भी शामिल है, के साथ कथित तौर पर मारपीट और बदसलूकी के मामले में दक्षिणपंथी संगठन से जुड़े 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि संगठन के सदस्यों ने एक लड़की के शॉर्ट्स और स्लीवलेस टॉप पहनने पर आपत्ति जताई और इसके बाद मारपीट की। पुलिस के मुताबिक, यह घटना सोमवार को सिंहगढ़ किले में तानाजी मालुसरे की समाधि के पास हुई।

पूछा- शॉर्ट्स क्यों पहनी है? फिर की मारपीट

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, पुणे की एक निजी कंपनी में काम करने वाले 39 वर्षीय व्यक्ति अपने परिवार के साथ सिंहगढ़ किले पर गए थे। इसी दौरान दक्षिणपंथी संगठन से जुड़े कुछ लोगों ने उनके साथ मौजूद लड़की के कपड़ों पर आपत्ति जताई।

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने सवाल किया, “तुमने शॉर्ट्स क्यों पहना है?” इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। मामला बढ़ने पर तीन आरोपियों ने शिकायतकर्ता को कथित तौर पर थप्पड़ मारे।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक महिला आरोपी ने शिकायतकर्ता की पत्नी को घसीटा। इस दौरान आरोपी कथित तौर पर कह रहे थे “क्या तुम्हें हिंदू संस्कृति समझ में नहीं आती?”

दूसरे पर्यटक दंपति से भी बदसलूकी का आरोप

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने एक अन्य पर्यटक दंपति के साथ भी कथित तौर पर बदसलूकी की और उनके कपड़ों को लेकर आपत्ति जताई। पुलिस का कहना है कि आरोपी ऐतिहासिक किले पर ‘मोरल पुलिसिंग’ कर रहे थे। इस संबंध में हवेली थाने में मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि संगठन के कुछ सदस्यों ने किले पर एक लड़की के शॉर्ट्स पहनने पर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर शिकायतकर्ता के साथ उनका विवाद हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया।

8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

घटना के बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस से संपर्क किया। इसके आधार पर हवेली पुलिस ने संगठन से जुड़े आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ दंगा, जानबूझकर चोट पहुंचाने, खतरनाक हथियार या साधन से चोट पहुंचाने, गैरकानूनी जमावड़ा और आपराधिक धमकी संबंधित बीएनएस की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

मामले में पुलिस ने जिन आठ लोगों को आरोपी बनाया है, उनकी पहचान संकेत पाटील, आशीष आपार, रेवन कोकाटे, सायली चव्हाण, केतकी जाधव, अमर शिर्के, कुणाल नलावडे और आर्या प्रवीण कवाडे के तौर पर हुई हैं। पुलिस अब घटना से जुड़े वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।

तानाजी मालुसरे की समाधि के पास हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, यह पूरी घटना सिंहगढ़ किले में तानाजी मालुसरे की समाधि के पास हुई। तानाजी मालुसरे छत्रपति शिवाजी महाराज के विश्वसनीय सहयोगी और मराठा सेना के प्रमुख योद्धाओं में से एक थे।

सिंहगढ़ किला पुणे के प्रमुख ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में पर्यटकों के साथ इस तरह की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुणे पुलिस ने पूरे मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

बड़ी खबरें

View All

पुणे

महाराष्ट्र न्यूज़

ट्रेंडिंग