
रायगढ़ परीक्षा केंद्र में छात्रों का हंगामा (फोटो सोर्स- पत्रिका)
CG News: रायगढ़ जिले के खरसिया विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बर्रा में संचालित ओपन परीक्षा केंद्र से परीक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। यहां केंद्र प्रबंधन पर छात्रों से मोटी रकम वसूलकर नकल कराने के आरोप लगाया गया है।
इस संबंध में मिली जानकारी अनुसार, केंद्राध्यक्ष ज्ञानसागर राठिया सहायक केंद्राध्यक्ष रामधन राठिया एवं प्रभारी प्राचार्य रामगोपाल राठिया पर आरोप है कि वे छात्रों से 8 से 12 हजार रुपए लेकर उन्हें नकल की सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं। इतना ही नहीं दूसरे व्यक्तियों से परीक्षा दिलवाने की भी बात सामने आई है, जिन छात्रों ने पैसे दिए उन्हें पर्चियों के माध्यम से नकल करवाया जा रहा है। वहीं रुपए नहीं देने वाले छात्रों को इस सुविधा से वंचित रखा जा रहा है।
छात्रों का कहना है कि रकम के आधार पर नकल की व्यवस्था तय की जा रही है। बुधवार को 6 से 7 छात्रों को परीक्षा लिखने से रोक दिए जाने के बाद केंद्र पर विवाद की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश देकर मामला शांत कराया। अभिभावकों और विद्यार्थियों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
छात्रों ने बताया कि परीक्षा के शुरुआति दिनों में कुछ छात्रों को शिक्षकों द्वारा पर्चियां देकर नकल कराई गई। बाद में अन्य छात्रों से भी इसी सुविधा के लिए अतिरिक्त पैसे मांगे गए। परीक्षा के बाद सहायक केंद्राध्यक्ष द्वारा 7 हजार रुपए तक की मांग किए जाने की बात भी सामने आई है। वहीं कक्षा 10वीं की एक छात्रा ने आरोप लगाया कि उससे 12 हजार रुपए लिए गए, लेकिन 2 अप्रैल को सामाजिक विज्ञान के पेपर में केवल एक घंटे ही नकल कराई गई।
बर्रा में चल रहे ओपन परीक्षा में अनियमितता को लेकर मेरे पास शिकायत आई है, इसकी वीडियो देखा हूं। उडऩदस्ता टीम दो दिन वहां पहुंची थी, पर कुछ नहीं मिला। इस मामले की जांच की जाएगी। - लक्ष्मीनारायण पटेल, बीईओ खरसिया
Updated on:
03 Apr 2026 06:06 pm
Published on:
03 Apr 2026 06:06 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
