
सुबह शरीर में दर्द की शिकायत के बाद बिस्तर पर लेटी, पर नहीं उठ सकी
रायगढ़. चक्रधर बाल सदन में एक माह पहले आई किशोरी की बुधवार की सुबह संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। किशोरी ने सुबह शरीर में दर्द की शिकायत के बाद अपने कमरे में आराम करने गई।
पर बिस्तर पर सोए-सोए उसने दम तोड़ दिया। जब काफी देर बाद किशोरी नही उठी तो केयर टेकर उसकी खोज खबर लेने कमरे में गई। अचेत अवस्था में पड़ी किशोरी के शरीर में जब कोई हलचल नहीं हुई तो उसे अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विभागीय अधिकारी की माने तो किशोरी शुरुआति दिनों से ही कुपोषित थी। जिसका इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा था। बुधवार की दोपहर किशोरी का पोस्टमार्टम किया गया। कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चक्रधर बाद सदन में 9 बेटियों की शादी की खुशियां उस समय गम में बदल गई। जब 22 मई को संस्था में आई एक 15 वर्षीय किशोरी ने संदिग्ध परिस्थिति में दम तोड़ दिया। मिली जानकारी के अनुसार करीब एक माह पहले चाइल्ड लाइन की टीम ने रेलवे स्टेशन से एक किशोरी को लाया था। जो काफी डरी व सहमी हुई थी। काउंसलिंग में किशोरी द्वारा बताया गया कि वो तिल्दा में एक अग्रवाल परिवार के घर काम करती है।
जहां से भाग कर रायगढ़ पहुंची थी। किशोरी कुपोषित होने की वजह से शारीरिक रुप से काफी कमजोर हो गई थी। जिसकी वजह से मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। मंगलवार की रात किशोरी खाना खा कर सोयी। वहीं बुधवार की सुबह दैनिक क्रिया के बाद कुछ देर बाद शरीर में दर्द की शिकायत के बाद अपने कमरे में चली गई। पर कुछ देर के लिए आराम करने गई किशोरी दोबारा नहीं उठ सकी।
जब काफी देर तक किशोरी कमरे से बाहर नहीं आई तो केयर टेकर ने उसकी खोज खबर लेते हुए उठाने की पहल की। पर उसके शरीर में कोई हलचल नहींं हुआ। जिसके बाद इस बात की सूचना अनाथालय के अन्य कर्मचारी व विभागीय अधिकारी को देने के साथ ही किशोरी को अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है।
बाल कल्याण समिति पहुंचा अनाथालय
बाल सदन में सुबह में किशोरी की मौत की खबर सुन कर बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष दिव्या तिवारी, एक सदस्य के साथ अनाथालय पहुंची हुई थी। जहां बाल सदन के कर्मचारी से उक्त किशोरी के बारे में जानकारी ली। उसके बाद समिति की अध्यक्ष चली गई। किशोरी की मौत के बाद बाल सदन में सन्नाटा पसरा हुआ था।
शव को भेजा गया ओडि़शा
किशोरी के परिजन ओडि़शा के बलांगीर के रहने वाले हैं। ऐसे में, बुधवार की दोपहर किशोरी का पीएम के बाद उसके पार्थिप शरीर को रेडक्रास की मदद से एबंलेंस की व्यवस्था कर गुह ग्राम भेजने की पहल की गई। कोतवाली पुलिस किशोरी की मौत मामले में संबंधित कर्मचारी का बयान दर्ज कर मामले की जांच करने की बात कह रही है।
Published on:
20 Jun 2018 07:31 pm
