16 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कपड़े उतारकर अलग-अलग जगह फेंके… शादी के दबाव से परेशान प्रेमी ने की महिला की हत्या, पहचान छिपाने के लिए कुचला चेहरा

Raigarh Murder Case: रायगढ़ में महिला अधिवक्ता आराधना सिदार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी प्रेमी लोकनाथ पटेल को गिरफ्तार किया है, जिसने शादी के दबाव में हत्या करना स्वीकार किया।

2 min read
Google source verification
Raigarh Murder Case

Raigarh Murder Case(photo-patrika)

Raigarh Murder Case: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में चर्चित महिला अधिवक्ता आराधना सिदार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतका के प्रेमी लोकनाथ पटेल को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से शादी के दबाव से परेशान था और इसी विवाद के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए मृतका के चेहरे और सिर को पत्थर से कुचल दिया था। मामले का खुलासा तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर हुआ।

Raigarh Murder Case: तुमीडीह डेम के पास मिली थी निर्वस्त्र लाश

चार दिन पहले पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के तुमीडीह डेम के पास एक युवती की निर्वस्त्र लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। बाद में मृतका की पहचान महिला अधिवक्ता आराधना सिदार के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच तेज कर दी थी। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई गई, जिसके बाद पुलिस लगातार तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों की गतिविधियों की पड़ताल में जुटी रही।

प्रेमी पर गया पुलिस का शक

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आराधना आखिरी बार अपने प्रेमी लोकनाथ पटेल के साथ देखी गई थी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने लगातार निगरानी और जांच के बाद संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाया और आखिरकार आरोपी को शक्ति क्षेत्र से हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद उससे गहन पूछताछ की गई, जिसमें मामले से जुड़े कई अहम खुलासे सामने आए और जांच को आगे बढ़ाया गया।

शादी को लेकर दोनों के बीच था विवाद

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसका आराधना सिदार के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच शादी को लेकर लगातार विवाद हो रहा था। आरोपी शादी के लिए तैयार नहीं था, जबकि आराधना उस पर लगातार दबाव बना रही थी। पुलिस के मुताबिक घटना वाले दिन आरोपी आराधना को घुमाने के बहाने खरसिया क्षेत्र के जंगल में ले गया। वहां दोनों के बीच एक बार फिर शादी को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर पहले आराधना का गला दबाकर हत्या कर दी।

पहचान छिपाने के लिए पत्थर से कुचला चेहरा

हत्या के बाद आरोपी ने शव की पहचान छिपाने की कोशिश की। उसने बड़े पत्थर से मृतका के चेहरे और सिर को बुरी तरह कुचल दिया ताकि कोई पहचान न कर सके। वारदात की क्रूरता ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने हत्या को छिपाने के लिए शव के कपड़े उतारकर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए थे। इसके बाद वह सामान्य तरीके से घर लौट आया ताकि किसी को उस पर शक न हो।

तकनीकी साक्ष्यों से पकड़ा गया आरोपी

हालांकि पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, कॉल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। लगातार पूछताछ के बाद आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी लोकनाथ पटेल के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और भय का माहौल है।