
यात्रियों की सुविधा के लिए 2 फूड एंड ब्रेवरेज स्टॉल खोले गए हैं।
रायपुर. स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर (Swami vivekanand airport raipur) में अगर आप चाय-नाश्ता करना चाहते हैं तो एक बार रेट लिस्ट जरूर देख लें। यहां 1 कप चाय 170 रुपए की और दो समोसा (एक प्लेट) 150 रुपए का पड़ेगा। एक कप कॉफी भी 180 रुपए में मिलेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए 2 फूड एंड ब्रेवरेज स्टॉल खोले गए हैं। यह चेक इन एरिया और प्रथम तल स्थित सिक्यूरिटी होल्ड एरिया में शुरू किया गया है।
एयरपोर्ट डायरेक्टर प्रवीण जैन ने इसका शुभारंभ किया। इन स्टॉलों में खाद्य सामग्री की कीमत बाजार की अपेक्षा 5 से 15 गुना तक ज्यादा है। हालांकि एयरपोर्ट में खोले गए फूड एंड ब्रेवरेज स्टाल अस्थाई रूप से 6 महीने के लिए शुरू किए गए है। एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा देशभर के 8 एयरपोर्ट में फूड स्टॉल खोलने के लिए ग्लोबल टेंडर जारी किया गया है। इसके लिए 13 अप्रैल 2023 की शाम 5 बजे तक आवेदन मंगवाए गए है। इसकी जांच के बाद नियमानुसार वर्कऑर्डर जारी किया जाएगा। बता दें कि नए फूड स्टॉल रायपुर के साथ ही श्रीनगर, भुवनेश्वर, वाराणसी, इंदौर, अमृतसर, रांची और गोवा में खोला जाना है।
निजीकरण की शुरुआत
केंद्र सरकार की घोषणा के बाद अब रायपुर एयरपोर्ट में जनसुविधाओं का संचालन निजी कंपनी करेगी। बताया जाता है कि एयरपोर्ट के निजी हाथ में जाने के बाद यात्रियों को हर सर्विस के लिए ज्यादा शुल्क देना होगा। अभी लखनऊ, जयपुर, त्रिवेंद्रम, मंगलुरू एयरपोर्ट का संचालन निजी कंपनी कर रही है। यात्रियों से यूजर डेवलपमेंट फीस (यूडीएफ) वसूल किया जा रहा है। ट्रैवल्स कंपनियों के संचालकों का कहना है कि रायपुर में यह फीस 150 से 200 रुपए तक हो सकती है।
कोरोनाकाल में बंद थे स्टॉल
स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में यात्रियों को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए फूड एंड ब्रेवरेज स्टॉल खोले गए थे। लेकिन, कोरोनाकाल के दौरान मार्च 2020 इंटरनेशनल के साथ ही घरेलू फ्लाइटों की उड़ान आगामी आदेश तक स्थगित कर दी गई थी। इसे देखते हुए फूड स्टॉल को बंद कर दिया गया। हालात के सामान्य होने के बाद भी फूड स्टॉल शुरू नहीं किए गए थे। बाहर से इसे लाने पर प्रतिबंध लगाया गया था। इसके चलते यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
चाय-नाश्ता की कीमत
चाय 170 रुपए
कॉफी 210 रुपए
ब्लैक कॉफी 180 रुपए
हॉट चाकलेट 210 रुपए
समोसा 150 रुपए प्लेट
मनचूरियन 150 रुपए प्लेट
वेज सैंडविच 200 रुपए प्लेट
पनीर सैंडविच 210 रुपए प्लेट
चीज सैंडविच 210 रुपए प्लेट
चिकन सैंडविच 240 रुपए प्लेट
यात्रियों को खाद्यान सामग्री उपलब्ध कराने के लिए एयरपोर्ट में एक फूड स्टॉल का संचालन पहले से किया जा रहा है। वहीं दो नए फूड स्टॉल शुरू किए गए है।
प्रवीण जैन, स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट डायरेक्टर
Published on:
26 Mar 2023 04:00 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
