
चर्चा: Chhattisgarh OTT web series: (फोटो सोर्स- पत्रिका)
रायपुर@ताबीर हुसैन। Chhattisgarh Web Series: छत्तीसगढ़ अब केवल प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन स्थलों के लिए ही नहीं, बल्कि वेब सीरीज और ओटीटी कंटेंट के उभरते केंद्र के रूप में भी पहचान बना रहा है। राज्य सरकार की फिल्म पॉलिसी-2021 के बाद यहां फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है, हालांकि पॉलिसी का लाभ किसी को मिला नहीं है। बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के साथ-साथ स्थानीय निर्माता-निर्देशक भी अपनी कहानियों को डिजिटल माध्यम पर लेकर आ रहे हैं।
स्थानीय कंटेंट निर्माण भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ी वेब सीरीज सरकारी अफसर ने युवाओं के संघर्ष और सपनों को स्थानीय भाषा में प्रस्तुत कर अलग पहचान बनाई है। वहीं रहस्य, रोमांच और हास्य से भरपूर हिंदी वेब सीरीज आभूषण जल्द दर्शकों के बीच आने वाली है। इसका निर्देशन डॉ. नेहा शुक्ला ने किया है।
पिछले कुछ वर्षों में कई चर्चित हिंदी वेब सीरीज की शूटिंग छत्तीसगढ़ में हुई है। इसमें द ग्रेट इंडियन मर्डर, जहानाबाद: ऑफ लव एंड वॉर ने राज्य की लोकेशनों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। वहीं मिसेज फलानी में अभिनेत्री स्वरा भास्कर मुख्य भूमिका में नजर आईं और इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय कलाकारों को भी अवसर मिला। वेब सीरीज अनार्की में अभिनेत्री अनिता हसनंदानी ने प्रमुख भूमिका निभाई है।
हालांकि ये दोनों अभी रिलीज नहीं हुई है। एक और वेब सीरीज जनावर: द बीस्ट विदइन में भुवन अरोरा मुख्य किरदार में दिखाई दिए। राजनांदगांव के गांव घोटिया में 27 दिनों तक वेब सीरीज ‘ग्राम चिकित्सालय’ की शूटिंग हुई। राजनांदगांव जिले के इस छोटे से गांव में मुंबई से आई टीम ने इस वेब सीरीज की शूटिंग की. इन प्रोजेक्ट्स में भी छत्तीसगढ़ के कलाकारों और तकनीशियनों को काम करने का मौका मिला।
कवर्धा में लगभग 4 वर्ष पहले चर्चित वेब सीरीज ‘जहानाबाद: ऑफ लव एंड वॉर’ की शूटिंग हुई थी। यह सीरीज मशहूर फिल्मकार सुधीर मिश्रा के निर्देशन में बनाई गई थी, जिसमें रजत कपूर और ऋत्विक भौमिक जैसे कलाकार नजर आए थे। यह शूटिंग कवर्धा के अलग-अलग लोकेशंस पर की गई थी, जिससे छत्तीसगढ़ की खूबसूरती को भी स्क्रीन पर दिखाने का मौका मिला। लगभग 50 से ज्यादा क्रू मेंबर्स मुंबई से इस प्रोजेक्ट के लिए यहां पहुंचे थे। इस वेब सीरीज का निर्माण स्टूडियो नेक्स्ट प्रोडक्शन हाउस द्वारा किया गया था, जिसने पहले भी कई चर्चित शो और वेब सीरीज तैयार किए हैं।
यह सीरीज बिहार के जहानाबाद शहर की पृष्ठभूमि पर आधारित है और इसे सोनी लिव पर प्रसारित किया गया था। कहानी को राजीव बरनवाल ने लिखा है।फिल्मकार सुधीर मिश्रा भारतीय सिनेमा के प्रतिष्ठित निर्देशकों में से एक हैं, जिन्होंने ‘धारावी’, ‘चमेली’, ‘हज़ारों ख्वाहिशें ऐसी’ और ‘खोया खोया चांद’ जैसी कई चर्चित फिल्में बनाई हैं। इस तरह यह शूटिंग छत्तीसगढ़ के लिए उस समय भी एक महत्वपूर्ण उदाहरण रही, जब राज्य धीरे-धीरे फिल्म और वेब कंटेंट की शूटिंग लोकेशन के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा था।
छत्तीसगढ़ में युवा फिल्मकार नए विजन के हिसाब से फिल्में बना रहे हैं। बड़े पर्दे के साथ अब वे ओटीटी और यूट्यूब के लिए वेेबसीरीज भी बनाने लगे हैं। ये भविष्य के लिए अच्छे संकेत हैं। बात चाहे तकनीक की हो या लोकेशन की, छत्तीसगढ़ इस मामले में तेजी से ग्रो कर रहा है। - मनोज वर्मा, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त फिल्मकार
छत्तीसगढ़ अब तेजी से एक उभरते हुए वेब सीरीज और ओटीटी शूटिंग हब के रूप में पहचान बना रहा है। यहां बड़े बॉलीवुड प्रोजेक्ट्स के साथ-साथ स्थानीय निर्माताओं की भागीदारी भी बढ़ रही है, जो राज्य के फिल्म और डिजिटल कंटेंट उद्योग के लिए सकारात्मक संकेत है।
Updated on:
13 Jun 2026 02:19 pm
Published on:
13 Jun 2026 02:19 pm
