
छत्तीसगढ़ के हाईवे असुरक्षित (फोटो सोर्स- AI)
Chhattisgarh National Highway: नेशनल हाईवे (एनएच) पर सफर करने वाले लाखों यात्रियों और वाहन चालकों के लिए अब सडक़ के साथ-साथ अपनी जान बचाना सबसे बड़ा सवाल बनता जा रहा है। प्रदेश के 26 टोल प्लाजा से हर महीने करीब 300 करोड़ रुपए का भारी-भरकम राजस्व नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) और सडक़ निर्माण कंपनियों के खातों में जा रहा है। रोजाना औसतन 10 करोड़ रुपए से अधिक की टोल वसूली के बावजूद हाईवे पर यात्रियों की सुरक्षा पूरी तरह भगवान भरोसे छोड़ दी गई है। रोजाना शुल्क चुकाने के बाद भी चालकों को न तो सुरक्षित सफर मिल रहा है और न ही हादसों से निजात।
पत्रिका द्वारा की गई पड़ताल में सामने आया है कि प्रदेश में टोल दरों में हाल ही में 5 से 10 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है, जबकि सालाना पास पर भी 75 रुपए बढ़ा दिए गए हैं। इसके बावजूद हाईवे पर खुलेआम घूमते आवारा मवेशी और अंधेरे में बिना सुरक्षा इंतजाम वाले खतरनाक 'ब्लैक स्पॉट' वाहन चालकों के लिए काल सिद्ध हो रहे हैं। रायपुर और बिलासपुर संभाग में ही पिछले कुछ वर्षों में मवेशियों से टकराकर और ब्लैक स्पॉट के कारण 200 से अधिक लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है। अकेले रायपुर में अग्रसेन धाम से सरोना के बीच बीते 5 सालों में हादसों की वजह से 191 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
एनएचएआई का दावा है कि मवेशियों की निगरानी के लिए हाईवे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और टीमें भी तैनात की गई हैं। लेकिन मवेशियों को हटाने की मुख्य जिम्मेदारी जिला प्रशासन और नगर निगम पर डालकर एनएचएआई अपनी जवाबदेही से पल्ला झाड़ लेता है। इस प्रशासनिक खींचतान का खामियाजा रोजाना गुजरने वाले 10 लाख से अधिक यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। कई स्थानों पर तो स्थिति यह है कि टोल प्लाजा के ठीक आसपास ही मवेशियों ने स्थायी डेरा जमा रखा है।
गुजरात हाईकोर्ट ने हाईवे पर मवेशियों की समस्या पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि यदि नेशनल हाईवे से आवारा मवेशी और अन्य बाधाएं नहीं हटाई जा सकतीं, तो टोल वसूली तुरंत बंद कर देनी चाहिए। कोर्ट ने बेसहारा मवेशियों और श्वानों का विस्तृत डेटा तलब किया है।
जांजगीर-चांपा (एनएच-49): अकलतरा से मसनिया कला तक लगभग 120 किलोमीटर की दूरी में सडक़ पर मवेशियों का जमावड़ा रहता है। अमरताल के पास हाल ही में हुए चक्काजाम के बाद अधिकारियों ने एनएच पर स्पीडब्रेकर बनाकर औपचारिकता पूरी कर ली।
दुर्ग-भिलाई व राजनांदगांव (एनएच-53): राजनांदगांव से भिलाई तक तेज रफ्तार वाहनों के बीच हर पल दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ठाकुरटोला टोल प्लाजा के दोनों ओर और भिलाई बायपास टोल से 500 मीटर पहले सडक़ पर ही मवेशी बैठे मिलते हैं। पार्रीनाला, सुंदरा और मनकी चौक दुर्घटना के मुख्य केंद्र बने हुए हैं।
धमतरी (एनएच-30): शहर के बीच से गुजरने वाले हाईवे पर दिनभर भारी ट्रैफिक रहता है, जबकि आधी रात को सडक़ें 'गौठान' जैसी नजर आती हैं। यहां आए दिन तेज रफ्तार गाडिय़ों की चपेट में आने से मवेशी और बाइक सवार अपनी जान गंवा रहे हैं।
Updated on:
03 Aug 2026 06:51 am
Published on:
03 Aug 2026 06:51 am
