
सुशासन तिहार में CM की चौपाल (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Sushasan Tihar 2026: रायपुर@ राहुल जैन। सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को पामगढ़ के ग्राम कोसला और कोरबा के लेमरू में जन समस्या निवारण शिविर में शामिल हुए। कोसला में सीएम ने पीएम आवास योजना की जानकारी ली और कहा कि आवास प्लस सर्वेक्षण के माध्यम से छूटे हुए सभी पात्र हितग्राहियों को भी योजना का लाभ दिया जाएगा। सीएम ने ग्राम कोसला में महतारी सदन एवं हायर सेकेंडरी स्कूल भवन निर्माण की घोषणा भी की।
वहीं लेमरू में मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से सरकार बनी है और उनकी सेवा करना ही सरकार का परम कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार सरकार की जनता तक सीधी पहुंच और संवेदनशील कार्यशैली का प्रतीक है। सीएम ने सुशासन तिहार के तहत कोसला और लेमरू का औचक निरीक्षण किया। दोनों जगह सीएम ने बिना किसी औपचारिकता के पीपल पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने चौपाल में ग्रामीणों, महिलाओं और किसानों से सीधे चर्चा करते हुए शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। सीएम के कार्यक्रम के दौरान मंत्री ओपी चौधरी, मंत्री लखनलाल देवांगन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
लेमरू में सीएम ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले कोरबा जिले के 18 मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट प्रदान कर सम्मानित किया। शिविर में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागीय योजनाओं के हितग्राहियों को राशन कार्ड, कृषि उपकरण, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र, मछली पालन सामग्री, पंप, पावर स्प्रेयर, सुपोषण टोकरी तथा स्व.सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए।
ग्रामीणों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पूछा, पटवारी नियमित रूप से गांव आते हैं या नहीं? ग्रामीणों द्वारा सकारात्मक जवाब दिए जाने पर मुख्यमंत्री ने गांव के पटवारी शत्रुघन कुर्रे को निर्देशित किया कि ग्रामीणों और किसानों की समस्याओं का तत्परता से निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भटकना न पड़े।
Published on:
17 May 2026 01:44 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
