
महतारी वंदन पर सियासत जारी (photo source- Patrika)
Chhattisgarh Politics: छत्तीसगढ़ में इन दिनों महतारी वंदन योजना और शराबबंदी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा सरकार पर लगाए गए आरोपों के बाद अब उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने तीखा पलटवार किया है। अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं से कांग्रेस परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से प्रदेश की महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिलना शुरू हुआ है, कांग्रेस लगातार इस योजना को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है।
सरगुजा में शराब को लेकर महिलाओं के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम ने कांग्रेस सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में घर-घर शराब पहुंचाई गई और पूरे प्रदेश को नशे का अड्डा बना दिया गया था। साव ने कहा कि पिछली सरकार के दौरान बड़ा शराब घोटाला हुआ, जिसकी चर्चा पूरे देश में हुई। अब जब बीजेपी सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए योजनाएं चला रही है, तो कांग्रेस को परेशानी हो रही है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लगभग 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। इससे महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं और परिवारों को भी सहारा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केवल घोषणाएं नहीं कर रही, बल्कि जमीन पर काम कर रही है। इसके अलावा 18 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी दिया गया है। साव ने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस के बहकावे में आने वाली नहीं है और लोग विकास तथा जनहित की राजनीति को समझ चुके हैं।
सूरजपुर में कांग्रेस नेताओं की एकजुटता पर भी डिप्टी सीएम ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता आम जनता के मुद्दों पर कभी एकजुट नहीं होते, लेकिन अपराधियों के समर्थन में जरूर खड़े हो जाते हैं। अरुण साव ने आरोप लगाया कि जिस व्यक्ति के समर्थन में कांग्रेस आंदोलन कर रही थी, उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया है।
जगद्गुरु रामभद्राचार्य पर कांग्रेस से जुड़े एक महंत की टिप्पणी पर भी अरुण साव ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि हिंदू देवी-देवताओं और संत-महात्माओं के खिलाफ टिप्पणी करना कांग्रेस की पुरानी आदत बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का सनातन विरोधी चेहरा बार-बार सामने आता रहा है। साव ने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है, तो किसी अन्य धर्म के संतों के खिलाफ बोलकर दिखाएं। उन्होंने इस तरह की टिप्पणियों को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अमर्यादित बताया।
एक्सप्रेसवे को ट्रैफिक के लिए खोले जाने के सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि यह मामला सरकार के संज्ञान में है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और तहसीलदार के बीच हुए विवाद और मारपीट के मामले पर भी उपमुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। सरकार तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
Published on:
28 May 2026 01:59 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
