
डॉ. रमन का तीखा हमला, बोले- दिल्ली में बैठे आकांओं को खुश करने राजनीतिक विरोधियों को परेशान करने में लगे है भूपेश
रायपुर. भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आरोप लगाया हैं कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ लगातार झूठे मामले बनाकर पुराने बिहार के रास्ते पर राज्य को लेकर जा रहे है।
डॉ. सिंह ने गुरुवार को कहा कि भूपेश सरकार का सत्ता में आने के बाद एजेंड़ा रहा है कि प्रमुख राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ झूठे मामले तैयार करना, फिर एसआईटी का गठन करना...।
उन्होंने कहा कि राज्य में नई राजनीतिक परिपाटी बनाई जा रही है, इस तरह की चीजे यहां पर नहीं होती थी। उन्होंने कहाकि बदलापुर की राजनीति से उन्हें कुछ हासिल नहीं होने वाला है। यह बिहार नही है, यहां बदले की राजनीति को राज्य के लोग पसंद नहीं करते है।
उन्होंने कहा कि जो पार्टी तीन चौथाई बहुमत से 14 महीने पहले सत्ता में आई थी, उसे चार महीने बाद ही लोकसभा चुनाव में जनता ने नकारा फिर नगरीय निकाय चुनाव और दो दिन पूर्व संपन्न पंचायत चुनावों में जनता ने जवाब दिया है। भाजपा निकाय चुनावों में पार्षदों की संख्या में कांग्रेस से बहुत पीछे नहीं थी वहीं पंचायत चुनावों में जनपद पंचायत (ब्लाक पंचायतों) में पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया। जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया और आठ-नौ जिला पंचायतों में भाजपा कांग्रेस से आगे है।
राष्ट्रीय जांच एजेन्सी(एनआईए) से झीरम नक्सल हमले की जांच वापस लेने, नक्सल हमले में मारे गए विधायक भीमा मंडावी की जांच एनआईए के हाथ में लेने को लेकर उठे विवाद और फिर राज्य सरकार के उच्चतम न्यायालय में पहुंचने के बारे में पूछे जाने पर कहा कि एनआईए सीबीआई से भी बेहतर जांच एजेंसी है। यह कोई विवाद का मुद्दा नहीं है, लेकिन मुख्यमंत्री इस तरह के मसलों समेत केंद्रीय मुद्दों पर मुखर रहकर दिल्ली के आकांओं को खुश करने में लगे रहते है।
Updated on:
6 Feb 2020, 10:00 PM IST
Published on:
6 Feb 2020, 10:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.