18 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रायपुर में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, पत्नी-बच्चों की हत्या कर फंदे पर लटका युवक, कर्ज से था परेशान

Tikarapara Family Death Case: रायपुर के टिकरापारा में हुई एक दुखद घटना ने शहर को झकझोर कर रख दिया है, जहाँ एक ही परिवार के पाँच सदस्य मृत पाए गए।
2 min read
Google source verification
Raipur Suicide Case

पत्नी-बच्चों की हत्या कर युवक ने उठाया आत्मघाती कदम (photo source- Patrika)

Raipur Suicide Case: टिकरापारा थाना क्षेत्र में एक बेहद दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। संजय नगर इलाके में एक युवक ने कथित तौर पर आर्थिक तंगी और कर्ज से परेशान होकर अपनी पत्नी और तीन मासूम बच्चों की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों में दो बेटियां और एक बेटा शामिल है, जिनकी उम्र 10 से 15 वर्ष के बीच बताई जा रही है। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

family murder mystery: परिवार के साथ किराए पर रहता था साजिद

सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी खोजी कुत्तों और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, संजय नगर निवासी मोहम्मद जहीर के मकान में सैयद साजिद खान (मृतक) अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ किराए पर रहता था। शुक्रवार को दिनभर साजिद के कमरे का दरवाजा नहीं खुला और वह भीतर से बंद था। देर रात तक कोई हलचल न होने पर जब पड़ोसियों को संदेह हुआ, तो उन्होंने खिड़की से भीतर झांका। अंदर साजिद का शव फंदे पर लटका हुआ था। पड़ोसियों ने तुरंत इसकी सूचना टिकरापारा थाना पुलिस को दी।

खाने में जहर देने की आशंका

मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा तो भीतर का नजारा देखकर अधिकारियों के होश उड़ गए। कमरे में साजिद फंदे पर झूल रहा था, जबकि बिस्तर पर उसकी पत्नी और तीनों बच्चे मृत अवस्था में पड़े थे। शुरुआती जांच और परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि साजिद ने पहले पत्नी और बच्चों को खाने में जहर मिलाकर दिया और उनके अचेत होने या दम तोड़ने के बाद खुद फांसी लगा ली। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा।

Raipur shocking incident: आर्थिक तंगी और कर्ज बना वजह

मोहल्ले वालों और प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि साजिद मौदहापारा स्थित एक बैटरी दुकान में मैकेनिक का काम करता था। उसने कुछ लोगों से भारी ब्याज पर कर्ज ले रखा था, जिसे चुका पाने में वह असमर्थ था। कर्ज के बढ़ते दबाव और आर्थिक तंगी के कारण वह पिछले कुछ समय से काफी तनाव में चल रहा था। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्च्युरी भेज दिया है और उस कमरे को सील कर दिया है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, जिसकी साइबर सेल के माध्यम से बारीकी से जांच की जा रही है ताकि घटना की सही वजह सामने आ सके।