राहुल जैन@रायपुर. विधानसभा चुनाव करीब आते ही राजनीतिक गलियारों में टिकट बरकरार रखने या फिर टिकट पाने के लिए राज्य नेता दिन-रात एक कर रहे हैं। कारण छत्तीसगढ़ में भी गुजरात फार्मूले के आधार पर टिकट वितरण की संभावना है।
प्रदेश में संगठन, संघ और स्वतंत्र एजेंसियों के सर्वे के बाद पार्टी गुजरात विधानसभा चुनाव की तर्ज पर 40 फीसदी वर्तमान विधायकों के टिकट काट सकती है। पार्टी ने पिछली बार 2013 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 26 फीसदी विधायकों के टिकट काटे थे। पार्टी ने 50 में से 13 विधायकों की जगह नए लोगों पर भरोसा जताया था। इस बार मुख्यमंत्री ने पहले ही 18 -20 विधायकों की टिकट कटने के संकेत दिए हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात विधानसभा चुनावों में भी मौजूदा विधायकों को टिकट न देने का फॉर्मूला अपना चुकी है, जो काफी सफल हुआ था। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि उम्मीदवार बदलने से किसी भी पार्टी को फायदा होता है। क्योंकि जनता का गुस्सा मौजूदा विधायक के प्रति होता है, जो उसी के साथ रह जाता है और जनता एक बार फिर पार्टी पर भरोसा करने का कदम उठा लेती है।
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस और भाजपा दोनों ही एेसे फार्मूलों पर काम करती रही है। 2013 के विधानसभा चुनाव में दोनों ही पार्टी ने नए चेहरों पर बड़ा दांव खेला था। जनता ने 90 में से 49 नए चेहरे को विधानसभा भेजा था। भाजपा ने जिन 13 विधायकों के टिकट काटे थे, उनकी जगह 8 विधायकों ने चुनाव जीता था।
कांग्रेस की सीटों पर भी पैनी नजर
भाजपा का मानना है कि कांग्रेस में एंटी इनकंबेसी फैक्टर काम करेगा। एेसे में पार्टी सर्वे के जरिए एेसे कांग्रेसी विधायकों पर नजर जमाएं बैठी है, जहां की जनता वहां के कामों से नाराज है। माना जा रहा है कि भाजपा इनमें से कई उम्मीदवारों की सूची कांग्रेस के बाद ही जारी करेगी। पिछले बार भी भाजपा ने पहले 67 और बाद में 23 विधायकों की सूची जारी की थी।
इन विधायकों का कटा था टिकट
फूलचंद सिंह, दीपक पटेल, जागेश्वर राम भगत, भरत साय, डमरूधर पुजारी, कुमारी बाई साहू, डोमनलाल कोसेवाड़ा, डॉ. सियाराम साहू, रामजी भारती, खेदूराम साहू, ब्रम्हानंद नेताम, सुमित्रा मारकोले और नीलिमा टेकाम शामिल थे।
भाजपा ने अपने सभी मंत्रियों पर भरोसा जताते हुए टिकट दिया था, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक और पांच मंत्रियों को हार का सामना करना पड़ा था। इनमें ननकीराम कंवर, चंद्रशेखर साहू, हेमचंद यादव, लता उसेण्डी और रामविचार नेताम के नाम शामिल हैं।
भाजपा प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने बताया कि पार्टी विकास, संगठन और अच्छे उम्मीदवार के दम पर चौथी बार सरकार बनाएगी। हर बार की तरह इस बार शीर्ष नेतृत्व ही टिकट तय करेगा। चुनाव जीत सकने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।