
सभी आरोपी गिरफ्तार (फोटो सोर्स- पत्रिका)
रायपुर@विनोद जैन। Lalla Sonwani NSA Case: गोबरा नवापारा के कुख्यात बदमाश टूमन सोनवानी उर्फ लल्ला को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत केंद्रीय जेल रायपुर भेजे जाने के दौरान पुलिस कार्रवाई में बाधा डालना उसके समर्थकों और परिजनों को भारी पड़ गया। पुलिस के अनुसार, वाहन रोककर आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की गई, पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की गई और उन्हें पेट्रोल बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इस मामले में नामजद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, रायपुर कलेक्टर ने 31 जुलाई 2026 को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम, 1980 की धारा 3(2) के तहत टूमन सोनवानी उर्फ लल्ला को अग्रिम आदेश तक केंद्रीय जेल रायपुर में निरुद्ध रखने का आदेश जारी किया था। जमानत पर जेल से बाहर आने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आदेश की तामील करते हुए उसे अभिरक्षा में लिया और केंद्रीय जेल रायपुर भेजने की कार्रवाई की।
पुलिस का आरोप है कि लल्ला को थाने से केंद्रीय जेल रायपुर ले जाते समय स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिलों से करीब 15 लोग पहुंचे। आरोपियों ने पुलिस वाहन को रोक लिया और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए लल्ला को पुलिस हिरासत से छुड़ाने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, इस दौरान पुलिसकर्मियों को पेट्रोल बम से उड़ाने, पुलिस वाहन और थाना जला देने की धमकी भी दी गई। हालांकि पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण रखते हुए लल्ला को सुरक्षित केंद्रीय जेल रायपुर में दाखिल करा दिया।
इस मामले में यश सोना, सागर कुर्रे, गौकरण, दौलत आडिल, खुलेश कुमार रात्रे, लल्ला सोनवानी, नगर पालिका सभापति केकती बाई सोनवानी, माधुरी सोनवानी, जागृति सोनवानी समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
घटना के बाद थाना गोबरा नवापारा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296, 351(2), 121(1), 126(2), 132, 221 एवं 61 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस का कहना है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और पुलिस कार्रवाई में हस्तक्षेप करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद पुलिस ने लल्ला सोनवानी के घर और दुकानों में भी तलाशी ली। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान पेट्रोल का अवैध भंडारण मिला, जिसके संबंध में अलग से अपराध दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
एक ओर टूमन सोनवानी उर्फ लल्ला को NSA के तहत केंद्रीय जेल रायपुर भेजा गया, वहीं उसे छुड़ाने के प्रयास में पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने के आरोप में उसके समर्थक और परिजन भी जेल पहुंच गए। रायपुर ग्रामीण पुलिस का कहना है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Updated on:
07 Aug 2026 07:09 pm
Published on:
07 Aug 2026 07:07 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
