
पूर्व MLA शैलेश पांडेय (Photo Patrika)
GPM News: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के पेंड्रा थाना अंतर्गत कोटमी साप्ताहिक बाजार में मंगलवार शाम को एक सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या और लूट की वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पल्सर बाइक पर सवार तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने भरे बाजार में घुसकर इस खूनी वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, पेंड्रा निवासी सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी उर्फ पप्पू पिता राजकुमार सोनी हमेशा की तरह कोटमी बाजार में सोने-चांदी की दुकान लगाने पहुंचे थे।
दिनभर व्यापार करने के बाद शाम को जब वे दुकान समेटने की तैयारी में थे, तभी अचानक बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने प्रदीप सोनी के सीने पर सीधे गोली मार दी। गोली लगते ही व्यापारी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। बीच बाजार में गोली चलने से वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वही घटना के बाद अब यह मामला राजनीतिक रूप भी लेने लगा है। बिलासपुर के पूर्व विधायक शैलेश पांडेय पेंड्रा पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना पर गहरा दुख जताया।।
पूर्व विधायक ने प्रदेश सरकार और पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने घटना को दर्दनाक और विभत्स बताते हुए कहा कि खुले बाजार में व्यापारी की हत्या होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सुरक्षा देने की मांग सरकार से की। इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग भी पेंड्रा पहुंचे। आईजी ने घटना स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पेंड्रा थाना में हत्या और लूट का अपराध दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
आईजी ने कहा कि बाइक सवार तीन आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस आसपास के जिलों और दूसरे राज्यों के पुलिस थानों से भी समन्वय स्थापित कर रही है। साथ ही मुखबिर तंत्र और तकनीकी टीम को भी सक्रिय किया गया है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
वही पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगो ने पेंड्रा बंद बुलाया जिसका व्यापक असर भी पेंड्रा में देखने को मिला लोगो ने खुद ही अपने प्रतिष्ठान बंद रखा।। वही पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।चौक चौराहे में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
Updated on:
27 May 2026 03:26 pm
Published on:
27 May 2026 03:25 pm
