
महापौर एजाज ढेबर रहे थे बैठक, उसी दौरान कांग्रेस पार्षद ने निगम के सामने फेंक दी एक ट्रॉली गिट्टी, जानिए पूरा मामला
रायपुर. नगर निगम मुख्यालय में बुधवार को जिस समय महापौर एजाज ढेबर अधिकारियों की बैठक ले रहे थे, उसी दौरान एक कांग्रेस पार्षद ने एक टैक्टर ट्रॉली मटेरियल निगम के सामने फेंक कर कड़ा विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस पार्षद एवं जोन अध्यक्ष जैसे पद पर रहते हुए आकाश दीप शर्मा को अफसरशाही के आगे इतना मजबूर होना पड़ा है।
लोग कुछ समझ पाते कि निगम मुख्यालय के सामने गिट्टी का ढेर लग गया। काफी देर तक कार्यालय से बाहर निकलने वाला रास्ता बंद रहा। इसके बाद जेसीबी मंगाकर निगम के अधिकारियों को मटेरियल हटवाना पड़ा।
कांग्रेस पार्षद को ऐसा करने की नौबत क्यों आई एक बड़ा सवाल महापौर एजाज ढेबर की कार्यशैली पर भी उठ रहा है। क्योंकि पार्षदों के मुख्य नेतृत्वकर्ता होने के साथ ही नगर निगम में अधिकारियों की निरंकुशता रोकने की जिम्मेदारी महापौर की ही होती है।
इस घटना से यह साफ संकेत हैं कि कांग्रेस पार्षदों की शिकायतों को निगम या जोन के अधिकारी गंभीरता से नहीं लेते। ऐसे में भाजपा पार्षदों की शिकायतों का सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है। निगम मुख्यालय के सामने हुई इस घटना से एक और सवाल उठ रहा है कि किस कदर महापौर और पार्षदों के बीच खींचतान चल रहा है।
नतीजा, पार्षदों को निगम के अधिकारी कोई तव्वजों नहीं दे रहे हैं न ही उनकी शिकायतों और समस्याओं को सुना जा रहा है। जबकि जनता सीधे तौर पर पार्षद के पास ज्यादा फरियाद करती है।
निगम प्रशासन में भर्राशाही का आलम है। जब भाजपा पार्षदों की शिकायतों पर कह दिया जाता है कि राजनीति कर रहे हैं। पार्षदों की कोई सुनवाई नहीं है, जनता परेशान है। कांग्रेस पार्षद का मजबूर हो जाना महापौर की कार्यशैली का नतीजा है।
मीनल चौबे, नेता प्रतिपक्ष निगम
लोग सड़क पर गिर रहे थे, क्या करता?
ले. अरविंद दीक्षित वार्ड के पार्षद एवं जोन-10 के अध्यक्ष आकाश दीप शर्मा ने इस पूरे मामले के विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि वार्ड के शैलेंद्रनगर में दुर्गा पूजा गार्डन है। उसका सौंदर्यीकरण स्मार्ट सिटी के माध्यम से कराया जा रहा था। ठेकेदार का काम ठीक नहीं होने पर उसे हटा दिया गया। 6 महीने से काम बंद पड़ा है और रेत, गिट्टी का ढेर सड़क पर होने के कारण पूरे मोहल्ले के लोग परेशान थे।
तो कई बार उन्होंने जोन के अधिकारियों से मटेरियल हटवाने के लिए बोले। परंतु काम नहीं हुआ। ऐसे में किसी न किसी दिन उस जगह पर लोग गिर जाते थे। बुधवार को भी एक महिला वहां गिर गई। पार्षद होने के नाते लोग उनके पास पहुंच गए। इस समस्या को देखते हुए उन्होंने जोन कमिश्नर और स्वास्थ्य अधिकारी को कई बार बोल चुके थे।
इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी रही। परेशान होकर पूरा मटेरियल निगम मुख्यालय के सामने फेंकवाना पड़ा। अधिकारियों द्वारा नहीं सुने जाने पर महापौर से शिकायत करने के सवाल पर पार्षद आकाश दीप ने कोई जवाब नहीं दिया।
Published on:
07 Sept 2023 12:03 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
