
4 आरोपी गिरफ्तार (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Fraud News: शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ऑनलाइन ठगी के धंधे में अधिक पढ़े-लिखे और प्रोफेशनल डिग्री वाले शामिल हैं। गुढ़ियारी में ढाई करोड़ से अधिक की ऑनलाइन ठगी के एक मामले में रेंज साइबर की टीम ने चार आरोपियों को धरदबोचा। इनमें एमबीए और आईटी इंजीनियर भी शामिल हैं। आरोपियों को टीम ने झारखंड, गुजरात और आंध्रप्रदेश से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफा दिलाने के नाम पर हेमंत कुमार जैन से 2 करोड़ 66 लाख की ऑनलाइन ठगी हो गई थी। इस मामले की जांच रेंज साइबर थाना की टीम ने की। जांच के दौरान जिन नंबरों से पीड़ित की बातचीत हुई थी और बैंक खातों में पैसा ट्रांसफर हुआ था। उन बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच की गई।
गुजरात के अहमदाबाद, झारखंड के हजारीबाग, आंध्रप्रदेश के ईस्ट गोदावरी और गांधीनगर में एक साथ छापे मारे और अशोक खैराती लाल, नागेंद्र कुमार, शेख बाबा, प्रियांक ब्रह्मभट्ट को गिरफ्तार किया गया। आरोपी शेख बाबा ने मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) व आरोपी प्रियांक ब्रह्मभट्ट ने इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी(आईटी) में इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है।
आरोपी नागेंद्र महतो और अशोक खैराती लाल ट्रांसपोर्ट और वेयर हाउस का संचालन करते हैं। चारों आरोपी एक-दूसरे के जरिए जुड़े हैं और पैसों को एक से दूसरे बैंक खातों के जरिए ट्रांसफर करते हैं। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
Updated on:
12 Jun 2025 09:40 am
Published on:
12 Jun 2025 09:40 am
