7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नाइट पार्टी और रफ्तार बना युवाओं का काल, आधी रात सड़क हादसे में हुई दो युवकों की मौत..

CG Accident News: रायपुर शहर में नाइट पार्टी और अधिक रफ्तार से वाहन चलाने का शौक युवाओं का काल बन रही है। अधिक रफ्तार के चलते कई युवाओं की असमय मौत हो गई है।

2 min read
Google source verification
नाइट पार्टी और रफ्तार बना युवाओं का काल, आधी रात सड़क हादसे में हुई दो युवकों की मौत..

CG Accident News: छत्तीसगढ़ के रायपुर शहर में नाइट पार्टी और अधिक रफ्तार से वाहन चलाने का शौक युवाओं का काल बन रही है। अधिक रफ्तार के चलते कई युवाओं की असमय मौत हो गई है। विधानसभा रोड में भी रात 2.30 बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा गई। इससे उसमें सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि उनकी कार ओवर स्पीड थी।

यह भी पढ़ें: CG Accident News: सड़क हादसों में नहीं लग रहा लगाम, सालभर में सड़क हादसे में 182 लोगों ने गवाईं जान

पुलिस के मुताबिक अवंति विहार निवासी सुदीप राय(28)और दीपक साहू(25) बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात विधानसभा इलाके में अपने एक दोस्त के साथ खाना खाने गए थे। रात करीब 2.30 बजे अपने दोस्त को छोड़कर सुदीप और दीपक पश्चिम बंगाल पासिंग की कार से लौट रहे थे। उनकी कार सामान्य से अधिक रफ्तार में थी। आमासिवनी पुलिया को पार करते ही उनकी कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे लोहे के बिजली खंभे से टकरा गई।

टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार के सामने वाला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं। दोनों कार के भीतर ही फंसे रहे। कार टकराने की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तो युवकों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त कार को किनारे किया गया। दोनों युवकों के शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस के मुताबिक दोनों एक दुकान में काम करते थे। दीपक फोटोग्राफी भी करता था। सुदीप विवाहित है। विधानसभा पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

ओवर स्पीड का मामला

पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ओवरस्पीड माना जा रहा है। रिंग रोड-3 से विधानसभा रोड शहर आने का मेन रोड है। रात में सड़क खाली होने के कारण अधिकांश वाहन चालक अधिक रफ्तार में गाड़ी चलाते हैं। बताया जाता है कि मृतकों की कार की रफ्तार भी अधिक थी। दोनों रिंग रोड से होकर विधानसभा रोड होते हुए अपने घर अवंति विहार लौट रहे थे।

ओवरस्पीड से हो चुकी है 350 की मौत

रायपुर जिले में वर्ष 2024 में विभिन्न सड़क हादसों में कुल 594 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें से 350 लोगों की मौत की वजह वाहन की ओवरस्पीड रही है। इसमें दोपहिया और चौपहिया दोनों शामिल हैं। जरूरत से ज्यादा रफ्तार से वाहन चलाने के कारण किसी में दूसरे वाहन को टक्कर मार दिया या खुद किसी डिवाइडर, वाहन या खंभे में टकरा गए।

आधी रात तक पार्टी भी वजह

विधानसभा, तेलीबांधा, वीआईपी रोड, मंदिरहसौद, अभनपुर जैसे इलाकों में बड़ी संख्या में होटल, रेस्टोरेंट और कैफे हैं, जिनमें देर रात तक शराबखोरी होती है। इनमें नशा करने के बाद वाहन चलाते हैं। इसके चलते भी कई सड़क हादसे होते हैँ। पिछले दिनों वीआईपी रोड में रशियन गर्ल और उसके पार्टनर ने दोपहिया सवार तीन युवकों को टक्कर मार दिया। इससे एक युवक की मौत हो गई थी।

शनिवार को अभियान, बाकी दिन नशेडि़यों का राज

यातायात पुलिस ने कुछ दिनों से रात में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की, लेकिन यह कार्रवाई शनिवार रात को नवा रायपुर की जाने वाले मार्गों पर होती है। बाकी दिन देर रात तक नशा करके लोग वाहन चलाते रहते हैँ।